कौन हैं मैनपुरी में तैनात DSP अशोक सिंह जिन्होंने मूछों पर ताव देते हुए कहा- 'वीडियो अखिलेश यादव को दे देना'

पुष्पेंद्र सिंह

• 02:12 PM • 02 Sep 2026

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात DSP अशोक कुमार सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की वजह से चर्चा में हैं. वायरल वीडियो में वह पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर कुछ लोगों से नाराजगी जताते हुए दिखाई दे रहे हैं.

Mainpuri DSP Ashok Singh

Mainpuri DSP Ashok Singh News

Google CTA

Mainpuri DSP Ashok Singh: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात DSP अशोक कुमार सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की वजह से चर्चा में हैं. वायरल वीडियो में वह पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर कुछ लोगों से नाराजगी जताते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान वह अपनी पहचान बताते हैं और मूंछों पर ताव देते हुए कहते सुनाई देते हैं, "बना लो वायरल कर देना... अखिलेश यादव को दे देना ये..." उनके इस अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर मैनपुरी में तैनात DSP अशोक सिंह कौन हैं और पूरा मामला क्या है.

यह भी पढ़ें...

आजमगढ़ के रहने वाले हैं अशोक कुमार सिंह

वायरल वीडियो में खुद DSP अशोक सिंह अपनी पहचान बताते हुए कहते सुनाई देते हैं, "ये देखो नाम अशोक कुमार सिंह. पिता का नाम बलबीर सिंह. आजमगढ़ के रहने वाले हैं." यानी अशोक कुमार सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं. वह उत्तर प्रदेश पुलिस में अधिकारी के तौर पर तैनात हैं और वर्तमान में मैनपुरी में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जून 2026 में हुए पुलिस विभाग के प्रशासनिक फेरबदल के दौरान उनका तबादला औरैया से मैनपुरी किया गया था.

पोस्टमॉर्टम हाउस पर क्यों हुआ विवाद?

दरअसल, मामला एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई एक फायरिंग की घटना के बाद का बताया जा रहा है. बीती रविवार रात संतोष नगर गांव में शराब के ठेके के सामने हमलावरों ने एक ट्रक को रोककर गोलीबारी कर दी थी. इस घटना में ट्रक के कंडक्टर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक भी गोली लगने से घायल हुआ. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी, एसपी सिटी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे थे. मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था.

वीडियो बनाने से नाराज हुए DSP

जानकारी के मुताबिक पोस्टमॉर्टम हाउस पर मृतक के परिजनों से सीओ सिटी अशोक सिंह बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग उनका वीडियो बनाने लगे. बताया जा रहा है कि अशोक सिंह ने पहले वीडियो बनाने से मना किया, लेकिन जब लोग नहीं माने तो कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान DSP नाराज हो गए और उन्होंने वीडियो बनाने वालों से कहा, 'क्या वीडियो बना रहे हो... बनाओ-बनाओ. ये देखो नाम अशोक कुमार सिंह. पिता का नाम बलबीर सिंह. आजमगढ़ के रहने वाले हैं. बना लो वायरल कर देना... अखिलेश यादव को दे देना ये...' वायरल क्लिप में वह अपनी मूंछों पर ताव देते हुए भी नजर आ रहे हैं.

जून में औरैया से मैनपुरी भेजे गए थे

अशोक सिंह को जून 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत औरैया से मैनपुरी भेजा गया था. फिलहाल वह मैनपुरी में DSP/सीओ सिटी के तौर पर तैनात हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद उनका नाम चर्चा में है. हालांकि, वीडियो सामने आने की वजह पोस्टमॉर्टम हाउस पर वीडियो बनाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. वहीं, जिस घटना के बाद यह पूरा मामला सामने आया, उसमें एक ट्रक कंडक्टर की मौत और चालक के घायल होने की बात सामने आई थी. पुलिस पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.