Nepal flood Kanpur American Family Missing: नेपाल में आई बाढ़ और त्रासदी के बीच कानपुर के एक परिवार के तीन लोगों के लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है. कानपुर के. पी. रोड की रहने वाली रागिनी अपने पति पंकज मिश्रा और देवरानी पूनम मिश्रा के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकली थीं. पंकज मिश्रा करीब 15 साल पहले अमेरिका की नागरिकता ले चुके हैं और आईटी सेक्टर में काम करते हैं. परिवार ने यूपी Tak से बताया कि तीनों 25 तारीख की शाम तक संपर्क में थे, लेकिन इसके बाद नेपाल में सैलाब आने की खबर के बीच उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका. अब रागिनी के भाई प्रवीण द्विवेदी घर में पूजा कर उनकी सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं. परिवार ने विदेश मंत्रालय की हेल्पलाइन समेत सरकार के संबंधित विभागों को भी सूचना दी है.
ADVERTISEMENT
25 तारीख को हुई थी आखिरी बातचीत
रागिनी के भाई प्रवीण द्विवेदी के मुताबिक 25 तारीख की शाम उनकी बहन से फोन पर बात हुई थी. उस समय रागिनी ने बताया था कि वे लोग पशुपतिनाथ भगवान के दर्शन कर चुके हैं और अब अपने 31 लोगों के ग्रुप के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए निकल रहे हैं. इसके बाद नेपाल में सैलाब आने की जानकारी सामने आई. परिजनों ने जब रागिनी, उनके पति और पूनम को फोन किया तो किसी से संपर्क नहीं हो पाया.
पहले लगा फोन की बैटरी खत्म होगी
प्रवीण ने बताया कि शुरुआत में परिवार ने ज्यादा चिंता नहीं की. उन्हें लगा कि शायद यात्रा के दौरान फोन की बैटरी खत्म हो गई होगी या तीनों कहीं चढ़ाई वाले रास्ते में फंस गए होंगे. लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिवार की चिंता बढ़ती चली गई. अमेरिका में रहने वाले परिवार के सदस्यों को भी अब तक उनकी कोई सूचना नहीं मिली है.
31 लोगों के ग्रुप में शामिल थे तीनों
परिजनों के मुताबिक रागिनी, उनके पति पंकज मिश्रा और पंकज के भाई की पत्नी पूनम मिश्रा तीनों कानपुर के रहने वाले हैं. बता दें रागिनी की शादी श्याम नगर निवासी पंकज मिश्रा से हुई थी. पंकज को करीब 15 साल पहले अमेरिका की नागरिकता मिली थी. परिवार के अनुसार, तीनों अमेरिका से पहले श्याम नगर आए थे और फिर प्रवीण के घर भी पहुंचे थे. इसके बाद वे नेपाल के लिए रवाना हुए.
भाई बोला- भगवान से यही प्रार्थना है
रागिनी के भाई प्रवीण द्विवेदी इस समय परिवार के साथ लगातार संपर्क में हैं और घर में पूजा कर रहे हैं. उनका कहना है, 'हम लोग बहुत परेशान हैं. भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि वे लोग सलामत वापस आ जाएं.' प्रवीण ने बताया कि परिवार की ओर से सरकार के सभी संबंधित विभागों को जानकारी दी गई है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कानपुर के जिलाधिकारी से भी परिवार के लोगों का पता लगाने में मदद की गुजारिश की है.
भांजा भी कर रहा इंतजार
परिवार के मुताबिक,अमेरिका में पंकज मिश्रा का एक भांजा भी है, जो फोन करके अपनी मां से लगातार मम्मी-पापा के बारे में जानकारी पूछ रहा है. प्रवीण ने बताया कि पंकज के छोटे भाई धीरज भी अमेरिका में आईटी सेक्टर में हैं और पंकज भी इसी क्षेत्र से जुड़े हैं. परिवार का कहना है कि सभी लोग उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.
यूपी तक ने परिवार से की बात
इस पूरे मामले में यूपी Tak ने परिवार से बातचीत की. परिजनों ने बताया कि 25 तारीख के बाद से रागिनी, उनके पति पंकज और पूनम से संपर्क नहीं हो सका है. 31 लोगों के यात्रा समूह में शामिल इन तीनों के बारे में जानकारी नहीं मिलने से परिवार बेहद परेशान है. अब परिजनों की उम्मीद सरकार और संबंधित एजेंसियों की मदद पर टिकी है. परिवार लगातार यही प्रार्थना कर रहा है कि नेपाल की त्रासदी के बीच लापता तीनों लोग सुरक्षित हों और जल्द उनकी कोई खबर मिले.
ADVERTISEMENT











