Kanpur Murder Case: कानपुर के कैंट इलाके में रविवार शाम सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि तलाक के मुकदमे को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक अपने साथियों के साथ घर में घुसा और गोली मारकर एक महिला की हत्या कर दी. मृतका की पहचान चांदनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसकी बहन सरोजिनी का अपने पति संतोष से विवाद चल रहा था और इसी मामले की कोर्ट में सुनवाई हो रही थी. आरोप है कि पिछली तारीख पर सरोजिनी के अदालत नहीं पहुंचने से नाराज उसके पति और देवर ने विवाद किया. इसी दौरान चांदनी ने बीच-बचाव किया तो आरोपी देवर विनोद ने कट्टे से गोली चला दी. वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया.
ADVERTISEMENT
पहले पति पहुंचा, फिर देवर ने किया हमला
सरोजिनी की शादी साल 2020 में उन्नाव के कल्याणपुर इलाके के रहने वाले संतोष से हुई थी. आरोप है कि करीब ढाई साल पहले पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह मायके आ गई थी. इसके बाद उसने पति संतोष और उसके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था. यह मामला उन्नाव की अदालत में चल रहा था. सरोजिनी के मुताबिक, 30 जुलाई को मुकदमे की तारीख थी, लेकिन मां की तबीयत खराब होने के कारण वह कोर्ट नहीं जा सकी. आरोप है कि इसी बात से नाराज संतोष रविवार शाम घर पहुंचा और सरोजिनी से बहस करने लगा.
बहन ने किया बीच-बचाव तो मारी गोली
सरोजिनी ने पुलिस को बताया कि संतोष के साथ विवाद के दौरान उसकी बहन चांदनी ने बीच-बचाव किया और उसे वहां से जाने के लिए कहा. आरोप है कि इसके कुछ देर बाद शाम करीब सात बजे संतोष का छोटा भाई विनोद दो-तीन साथियों के साथ घर पहुंचा. उसने भी सरोजिनी से कोर्ट की तारीख पर नहीं पहुंचने को लेकर विवाद शुरू कर दिया. इसी बीच चांदनी ने उसे समझाने की कोशिश की. आरोप है कि तभी विनोद ने कट्टा निकाला और चांदनी को गोली मार दी. इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया.
डॉक्टर ने मृत घोषित किया
गोली चलने की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल चांदनी को इलाज के लिए केपीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है.
पति बोला- मेरी पत्नी का कोई विवाद नहीं था
चांदनी के पति उपेंद्र ने कहा कि उसकी पत्नी का इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था. उसका कहना है, 'मेरी पत्नी का तो कोई विवाद भी नहीं था. संतोष की लड़ाई अपनी पत्नी से थी. मेरी पत्नी ने तो सिर्फ लड़ाई बचाने के लिए बीच-बचाव किया और उसके देवर ने मेरी पत्नी की हत्या कर दी. मेरी छोटी सी बच्ची है.' वहीं मृतका की बहन सरोजिनी ने भी घटना को लेकर पुलिस को अपनी पूरी बात बताई है.
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया, 'महिला की हत्या हुई है. उसके घर में इस मामले में परिवार वाले जिनके खिलाफ जो भी एप्लीकेशन देंगे, इस पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.' पुलिस के मुताबिक शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी विनोद और उसके साथियों की तलाश की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी.
ADVERTISEMENT











