मैनपुरी में मूंछों पर ताव देते हुए DSP बोले- 'ये वीडियो अखिलेश यादव को दे देना', कौन हैं ये अधिकारी

पुष्पेंद्र सिंह

• 12:26 PM • 02 Sep 2026

मैनपुरी के DSP अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. पोस्टमॉर्टम हाउस पर वीडियो बनाने को लेकर नाराज DSP ने कहा- ‘ये अखिलेश यादव को दे देना.’

Mainpuri News

Mainpuri News

Google CTA

Mainpuri DSP Viral Video: उत्तर प्रदेश में पुलिस अधिकारियों के वीडियो अक्सर चर्चा में आ जाते हैं. मगर मैनपुरी से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. मैनपुरी में तैनात डीएसपी अशोक सिंह मूंछों पर ताव देते हुए नजर आ रहे हैं. यह वायरल वीडियो मैनपुरी के पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर का बताया जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

सबसे पहले जानिए DSP क्या कहते हुए सुनाई दिए?

सामने आए वीडियो में डीएसपी अशोक सिंह ये कहते हुए सुनाई दिए, "क्या वीडियो बना रहे हो... बनाओ-बनाओ. ये देखो नाम अशोक कुमार सिंह. पिता का नाम बलबीर सिंह. आजमगढ़ के रहने वाले हैं. बना लो वायरल कर देना... अखिलेश यादव को दे देना ये..." इस दौरान डीएसपी अशोक सिंह मूंछों पर ताव देते हुए नजर आए थे. 

क्या है मामला? 

दरअसल, यह मामला एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई एक वारदात के बाद का बताया गया है. बीती रविवार रात संतोष नगर गांव में शराब के ठेके के सामने हमलावरों ने एक ट्रक को रोककर फायरिंग कर दी. इस फायरिंग में ट्रक के कंडक्टर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक भी गोली लगने से घायल हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी, एसपी सिटी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे थे. मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था. 

पोस्टमार्टम हाउस पर वीडियो बनाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम हाउस पर मृतक के परिजनों से सीओ सिटी अशोक सिंह बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग वीडियो बनाने लगे. कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया. 

बताया गया है कि सीओ सिटी ने पहले उन्हें वीडियो बनाने से मना किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो अशोक सिंह नाराज हो गए. इसी दौरान उन्होंने कहा- 'लो बना लो वीडियो और अखिलेश यादव को दे देना.' वायरल वीडियो में डीएसपी के मूंछों पर ताव देने वाला अंदाज भी दिखाई दे रहा है. इसी वजह से यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

जून 2026 में औरैया से मैनपुरी भेजे गए थे अशोक सिंह

अशोक सिंह जून 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत औरैया से मैनपुरी भेजे गए थे. वह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं.

ये भी पढ़ें: Mood kya hai Mainpuri: सपा के गढ़ मैनपुरी में 50-50 की जंग में उलझीं 4 सीटें, अखिलेश मारेंगे बाजी या बीजेपी बिगाड़ेगी समीकरण?