कानपुर में लैंबॉर्गिनी से 6 लोगों को रौंदने वाले मामले में शिवम मिश्रा के वकील ने तो पूरा केस ही पलट दिया

Kanpur Lamborghini Accident Update: कानपुर लैंबॉर्गिनी एक्सीडेंट मामले में नया मोड़ आ गया है. तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा के वकील ने दावा किया है कि कार शिवम नहीं बल्कि ड्राइवर चला रहा था.

Kanpur Lamborghini Accident Update

सिमर चावला

10 Feb 2026 (अपडेटेड: 10 Feb 2026, 11:03 AM)

follow google news

Kanpur Lamborghini Accident Update: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को एक लैंबॉर्गिनी कार ने जिस तरह 6 लोगों को रौंदा वह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले में कभी कोई चश्मदीद आकर तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा के बेटे शिवम के खिलाफ गवाही देता है तो कभी पुलिस का वीडियो वायरल होता है जिसमें वो आरोपी के घर का दरवाजा पीटते-पीटते थककर वापस चले जाते हैं. वहीं दूसरी तरफ इस हाई-प्रोफाइल केस में आरोपी के वकील ने दावा किया है कि गाड़ी शिवम नहीं ड्राइवर चला रहा था. जबकि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक्सीडेंट के बाद ड्राइविंग सीट से बाउंसर शिवम को बाहर निकाल रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

शिवम मिश्रा के वकील ने पलट दिया पूरा केस

इस मामले ने नया मोड़ तब लिया जब आरोपी शिवम मिश्रा के वकील मीडिया के सामने आए. वकील ने साफ तौर पर कहा कि दुर्घटना के समय गाड़ी शिवम नहीं उनका ड्राइवर चला रहा था. हालांकि घटनास्थल से सामने आए वीडियो और चश्मदीदों के बयान कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं. वीडियो में साफ देखा गया है है कि एक्सीडेंट के तुरंत बाद ड्राइविंग सीट से शिवम को बाउंसर बाहर निकाल रहे हैं. जब मीडिया ने वकील से शिवम के सामने न आने पर सवाल किया तो वे माइक हटाकर चलते बने और सिर्फ इतना कहा कि 'अब जो भी होगा कोर्ट में होगा.' 

क्या था पूरा मामला?

रविवार दोपहर करीब 3.15 बजे कानपुर के रेव-3 मॉल के पास सन्नाटा चीख-पुकार में बदल गया. शहर के नामचीन तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की करोड़ों की लैंबॉर्गिनी बेकाबू होकर काल बन गई. कार ने सबसे पहले एक ऑटो को टक्कर मारी. फिर एक रॉयल इनफील्ड बाइक को रौंद दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तौफीक अहमद करीब 10 फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरे. उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं जिनमें से कई को गंभीर फ्रैक्चर हैं और वे अस्पताल में भर्ती हैं.

हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि थाने के अंदर आरोपी को वीवीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पहली FIR में शिवम मिश्रा का नाम ही नहीं था. आरोपी के कॉलम में अज्ञात चालक लिखा गया था. भारी जनाक्रोश और सोशल मीडिया पर हंगामा कटने के बाद पुलिस ने FIR में शिवम मिश्रा का नाम शामिल किया.

कौन हैं के.के. मिश्रा?

शिवम मिश्रा के पिता के.के. मिश्रा कानपुर के प्रतिष्ठित बंशीधर टोबैको ग्रुप के मालिक हैं. उनका कारोबार देश के कई राज्यों जैसे दिल्ली, मुंबई और गुजरात तक फैला हुआ है. वे कई बड़े पान मसाला ब्रांड्स को कच्चा माल सप्लाई करते हैं.

ये भी पढ़ें: औरैया की युवती के बेडरूम में मिली सांप की केंचुली और वो हो गई गायब! इच्छाधारी नागिन वाली कहानी का राज यूं खुला