कानपुर के नामी तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम की लेम्बोर्गिनी ने 6 को रौंदा पर FIR में उसी का नाम नहीं!

Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर के पॉश ग्वालटोली इलाके में रसूख और रफ्तार के कहर ने मासूमों को अपनी चपेट में ले लिया. तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लैंबॉर्गिनी ने फुटपाथ पर खड़े लोगों और वाहनों को रौंद दिया जिसमें 6 लोग घायल हो गए.

Shivam Mishra

सिमर चावला

09 Feb 2026 (अपडेटेड: 09 Feb 2026, 12:36 PM)

follow google news

Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर के ग्वालटोली इलाके में रविवार शाम शहर के एक नामी तंबाकू व्यापारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लेम्बोर्गिनी कार ने फुटपाथ पर खड़े लोगों को रौंद दिया . यह हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे रेव-3 मॉल के पास हुआ. इस हादसे में करीब 6 लोगों को चोट आई है. हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई. इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस कार को जब्त करके थाने ले गई. आरोप है कि पुलिस शिवम मिश्रा की कार को वीआईपी ट्रीटमेंट देती हुई दिखी. इस दौरान का एक वीडियो भी  सामने आया है जिसमें खुद पुलिस की टीम शिवम मिश्रा के बाउंसर के साथ मिलकर कार के ऊपर कवर डालते हुए दिख रही है. इसके साथ ही ये भी जानकारी सामने आई है कि पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है. लेकिन FIR की कॉपी में अभी भी शिवम का नाम नहीं लिखा है.

यह भी पढ़ें...

क्या है एक्सिडेंट के पीछे की असली कहानी

पुलिस ने बताया कि रविवार को कानपुर के पॉश ग्वालटोली इलाके में वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने कुछ लोगों को टक्कर मार दी. इस लेम्बोर्गिनी कार को तंबाकू व्यापारी के.के. मिश्रा का बेटा  शिवम चला रहा था. बता दें कि के.के. मिश्रा बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड चलाते हैं जो इस क्षेत्र में गुटखा निर्माताओं को तंबाकू की आपूर्ति करती है.  आरोपी पक्ष का दावा है कि जब शिवम कार से कहीं जा रहा था. तभी बीच सड़क पर उसे चक्कर जैसा महसूस हुआ जिसके बाद उसने किसी हादसे से बचने के लिए गाडी के स्टियरिंग को फुटपाथ की तरफ घुमा दिया. इस दौरान शिवम मिश्रा की लेम्बोर्गिनी पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों से टकरा गई जिसमें कम से कम छह लोग घायल हो गए. 

लेम्बोर्गिनी की टक्कर से 10 फीट हवा में उछल गया बाइक सवार

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार पहले एक ऑटो-रिक्शा से टकराई. फिर एक खड़ी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल से जा टकराई जिससे उसका सवार करीब 10 फीट हवा में उछल गया. कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और उसे कुछ दूर तक घसीटती रही. फिर एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई. पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक यमुनागंज निवासी तौफीक कई मीटर दूर जा गिरा और उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं अन्य लोगों को फ्रैक्चर और चोटें आईं. 

गुस्से में आए स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और कार को घेर लिया जिससे ड्राइवर को अंदर ही रहना पड़ा. प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि आरोपी के साथ आए निजी बाउंसरों ने भीड़ को पीछे धकेलने की कोशिश की और आक्रामक व्यवहार किया जिससे तनाव और बढ़ गया. इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को बचाया और उसे और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल लैंबोर्गिनी को जब्त कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया है.

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे के बाद पुलिस स्टेशन में अफरा-तफरी मच गई. क्योंकि पीड़ितों और स्थानीय निवासियों ने आरोपी के साथियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया और दावा किया कि पुलिस उसके परिवार के प्रभाव के कारण उसके प्रति नरम रुख अपना रही है. कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि समझौता कराने के लिए दबाव डाला जा रहा है और मामला दर्ज करने में देरी हो रही है. घायलों में से एक सोनू त्रिपाठी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि वह और उसका चचेरा भाई अपनी खड़ी मोटरसाइकिल के पास खड़े थे जब कार ने उन्हें टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि 'मेरा चचेरा भाई बाइक से गिर गया और दो अन्य फुटपाथ पर जा गिरे. हमने शिकायत दर्ज करा दी है.'

डीसीपी श्रीवास्तव ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है. एफआईआर दर्ज की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.