रायबरेली में देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर चक्कर लगाने निकलीं महिलाओं के ग्रुप को कुचलते हुए निकल गई गाड़ी, 5 की दर्दनाक मौत से हड़कंप

Rae Bareli News: रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से चार युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं.

Rae Bareli News

शैलेंद्र प्रताप सिंह

09 Feb 2026 (अपडेटेड: 09 Feb 2026, 10:11 AM)

follow google news

Rae Bareli News: रायबरेली के निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. इस सड़क हादसे में एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से चार युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं 5गंभीर रूप से घायल हो गई हैं जिनमें कुछ लड़कियां और महिलाएं शामिल हैं. हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.
 

यह भी पढ़ें...

आखिर कैसे हुआ ये हादसा

यह हादसा रविवार देर रात हुआ जब महिलाएं निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर टहलते हुए चक्कर लगाने निकली थीं. इस एक्स्प्रेसवे के निर्माणाधीन होने की वजह से गाड़ियों की आवाजाही बिल्कुल बंद थी. ऐसे में इन महिलाओं का इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वह किसी हादसे का शिकार हो सकती हैं.  तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित गाड़ी ने युवतियों के समूह को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि 14 से 23 साल की चार युवतियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि 5 अन्य लड़कियां खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़ीं. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

किसकी गई जान?

इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हादसे में जान गंवाने वाली चारों युवतियां जगतपुर थाना क्षेत्र के कोडर और चूली गांव की रहने वाली थीं. एक की पहचान असमा के रूप में हुई है जिसकी उम्र 18 साल थी.  दूसरी महिला का नाम विमांक्षी जिसकी उम्र 23 साल थी. तीसरी महिला का नाम शालिनी जिसकी उम्र 22 साल थी.इसके अलावा 14 साल की रश्मि की भी इस हादसे में मौत हो गई. 

इन लोगों का चल रहा इलाज

वहीं इस दर्दनाक हादसे में घायल रिया पटेल, साधना, मीना और रेशमा का इलाज जारी है. वहीं विया पटेल नाम की एक बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स रेफर किया गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार के निर्देश दिए.फिलहाल मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है.

बता दें कि मार्च के महीने में गंगा एक्सप्रेसवे को चालू करने की तैयारी थी. फिलहाल मार्ग पर काम चल रहा था. इसलिए आवागमन पर कोई बैरिकेड नहीं लगाए गए थे. गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयाग जाने वाला एक्सप्रेसवे है और रायबरेली के लालगंज जगतपुर ऊंचाहार डलमऊ को पार करता हुआ प्रज्ञा के लिए आगे बढ़ता है. रायबरेली में करीब यह लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय करता है. गंगा एक्सप्रेसवे जगतपुर थाने के चूली गांव से होकर गुजरता है जहां यह हादसा हुआ.

गांव में पसरा मातम

एक ही गांव की चार बेटियों की मौत से कोडर और चूली गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है कि हादसा वाहन चालक की लापरवाही से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण.