Kanpur Double Murder News: कानपुर के नौबस्ता इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है. आरोप है कि यहां त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक पिता ने अपनी ही दो मासूम जुड़वां बेटियों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया कर दिया है. पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से इस बात की जानकारी जुटा रही है कि आखिर उसने इस दर्दनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया?
ADVERTISEMENT
घटना कब हुई?
घटना रविवार, 19 अप्रैल 2026 की है. तड़के सुबह करीब 4:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि नौबस्ता स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक व्यक्ति ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों का कत्ल कर दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे.
अपार्टमेंट के अंदर का खौफनाक मंजर देख हर कोई चौंका
पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देख अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए. दोनों मासूम बच्चियों के शव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे. बच्चियों के गले पर धारदार हथियार से गहरे कट के निशान थे. सबूत जुटाने के लिए फ़ौरन फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से खून से सने नमूने और अन्य सबूत इकट्ठा किए.
आरोपी पिता को पुलिस ने दबोचा
इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से पकड़ लिया. शुरुआती पूछताछ में अभी तक हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. आखिर एक पिता अपनी ही बच्चियों का कातिल कैसे बन गया, यह सवाल हर किसी के जहन में कौंध रहा है.
आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है: पुलिस
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









