Kanpur News: कानपुर कचहरी में अधिवक्ता प्रियांशु श्रीवास्तव ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. 25 साल के प्रियांशु श्रीवास्तव के मौत के पीछे की वजह ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. प्रियांशु ने आत्महत्या से ठीक पहले अपने व्हाट्सएप पर एक सुसाइड नोट शेयर किया है. इस नोट में उन्होंने अपने पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अत्यधिक सख्ती और मानसिक प्रताड़ना को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है. इस नोट में प्रियांशु ने एक और ऐसी बात लिखी है जिसे देखकर खुद उनके पिता भी बुरी तरह टूट गए हैं. अपनी सुसाइड नोट में प्रियांशु ने ये इच्छा जाहिर की है कि पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव उनके शव को हाथ ना लगाएं.
ADVERTISEMENT
बचपन की कड़वी यादों का जिक्र
प्रियांशु ने अपने दो पन्नों के व्हाट्सएप स्टेटस नोट में बचपन से लेकर अभी तक की घुटन का जिक्र किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव का व्यवहार उनके प्रति कठोर था. प्रियांशु ने लिखा कि बचपन में फ्रिज में रखे आम का जूस पीने को लेकर उनके पिता ने उन्हें नंगा करके घर से बाहर निकाल दिया था. आरोप है कि यह मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला तब भी जारी रहा जब उन्होंने पढ़ाई में स्ट्रगल किया.
25 साल के प्रियांशु खुद भी एक वकील थे. लेकिन उनकी अपनी कोई अपनी पहचान नहीं थी. वे अपने पिता के ही चैंबर में काम करते थे जहां उन्हें न तो सम्मान मिला और न ही अपना कोई ऑफिस. उन्होंने सुसाइड नोट में अपनी पीड़ा बताते हुए लिखा कि वे दिन भर अपने पिता की सेवा में जुटे रहते थे. लेकिन उनके भीतर एक गहरा खालीपन और घुटन थी. उनका कहना था कि वे कभी गलत संगत में नहीं पड़े. इसके बावजूद पिता की बेवजह की सख्ती ने उनके स्वाभिमान को कुचल दिया था.
पुलिस की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि प्रियांशु द्वारा शेयर किया गया व्हाट्सएप स्टेटस और सुसाइड नोट जांच का मुख्य आधार है. पुलिस अब इसकी हैंडराइटिंग और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान कर रही है. हालांकि बेटे की इस मौत के बाद आरोपी पिता पूरी तरह सदमे में हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं. यह घटना कानपुर कचहरी के हजारों वकीलों के बीच शोक और चर्चा का विषय बनी हुई है. फिलहाल पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या यह सिर्फ पारिवारिक प्रताड़ना का मामला था या इसके पीछे कोई अन्य गहरी वजह छिपी है.
ADVERTISEMENT









