Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी रॉयल सिटी में छापेमारी कर एक बड़े सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सोना, 11 लाख रुपये की चांदी और 19 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने यशस्वी और निशा खान नामक दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें से यशस्वी को यूपी पुलिस के सिपाही रजत की माशूका बताया जा रहा है. जहां मुख्य आरोपी सिपाही रजत फिलहाल फरार है, वहीं पकड़ी गई युवती यशस्वी की मां ने अपनी बेटी की बरबादी लिए सिपाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.
ADVERTISEMENT
8 साल का लिव-इन रिलेशनशिप में थे रजत और यशस्वी
यशस्वी की मां सुमन ने बताया कि उनकी बेटी और सिपाही रजत पिछले 8 सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में थे. मां का आरोप है कि रजत ने उनकी बेटी को तब अपने प्रेमजाल में फंसाया था जब वह नाबालिग थी. उनके अनुसार रजत और यशस्वी के पिता एक ही पुलिस चौकी पर तैनात थे, जिसके कारण रजत का उनके घर आना-जाना लगा रहता था. उन्होने बताया कि रजत उनकी बेटी से उसके कॉलेज जाते समय मिलता था. यही नहीं यशस्वी की मां ने यह भी आरोप लगाया कि रजत पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं लेकिन उसने यह बात यशस्वी से छिपाई और उसे गुमराह कर उसके साथ संबंध बनाए.
दरोगा बनना चाहती थी यशस्वी
यशस्वी की मां के अनुसार, उनकी बेटी पढ़ने में बहुत होशियार थी और उसका सपना पुलिस विभाग में दरोगा बनने का था. जब परिवार को इस रिश्ते की भनक लगी तो उन्होंने यशस्वी की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी और यहां तक कि उसकी सगाई भी हो गई थी. लेकिन रजत के प्यार में पागल यशस्वी ने वह रिश्ता तोड़ दिया. उसने अपनी मां से साफ कह दिया था कि वह किसी और की जिंदगी खराब नहीं करना चाहती क्योंकि उसके संबंध रजत के साथ हैं. वह सम्मान के साथ रहना चाहती थी लेकिन रजत ने उसे केवल अपने काले धंधे और शौक के लिए इस्तेमाल किया.
फरार सिपाही पर सुमन ने लगाए गंभीर आरोप
गिरफ्तारी के बाद अपनी बेटी की हालत देख सुमन का गुस्सा सिपाही रजत पर फूट पड़ा. उन्होंने कहा कि अगर रजत उनकी बेटी से सच्ची मोहब्बत करता तो वह उसे मुसीबत में छोड़कर भागता नहीं. छापेमारी के समय वह शाम साढ़े छह बजे तक वहीं मौजूद था लेकिन पुलिस को देख वह यशस्वी को अकेला छोड़कर फरार हो गया. उनका कहना है कि उनकी बेटी ने रजत पर आंख मूंदकर भरोसा किया, जिसके लिए उसने अपने माता-पिता का भरोसा कई बार तोड़ा.सिपाही ने यशस्वी को शादी का झांसा देकर सालों तक गुमराह किया और अब उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
यशस्वी को है बदनामी का डर
थाने में अपनी बेटी से मुलाकात के बाद सुमन ने बताया कि यशस्वी अब घर लौटने से कतरा रही है. उसने अपनी मां से कहा कि वह इतनी बदनामी के बाद समाज का सामना नहीं कर पाएगी. हालांकि, मां का कहना है कि अगर उनकी बेटी वापस आती है तो वे उसे अपना लेंगे लेकिन इस शर्त पर कि भविष्य में होने वाली किसी भी अनहोनी का जिम्मेदार सिपाही रजत होगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के बाद अब वे अपनी बेटी पर पहले जैसा भरोसा कभी नहीं कर पाएंगे. फिलहाल पुलिस फरार सिपाही रजत और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें: कोल इंडिया में मैनेजमेंट ट्रेनी के 660 पदों पर निकली बंपर भर्ती, बढ़िया सैलरी पाने के लिए ऐसे करें अप्लाई
ADVERTISEMENT









