यूपी में सपा सरकार बनने पर इन लोगों को मिलेगा घर, सोलर पैनल-पंखा भी फ्री; अखिलेश ने चुनाव से पहले किए 5 बड़े वादे

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि 2027 में सरकार बनने पर आदिवासी समुदाय के लोगों को 'लोहिया आवास' दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इन घरों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे पंखा, एलईडी लाइट और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं मुफ्त मिल सकेंगी.

UP Tak

आयशा शेख़

• 06:22 PM • 24 Jun 2026

follow google news

UP Election: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि राज्य में सपा की सरकार बनने पर आदिवासी समुदाय के लोगों को 'लोहिया आवास' दिए जाएंगे. ये घोषणा पार्टी की सोशल जस्टिस और पिछड़े व वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की नीति का हिस्सा मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें...

पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में अखिलेश यादव मंच से इस बात की घोषणा करते नजर आ रहे हैं. लाल टोपी पहने अखिलेश यादव ने साफ किया कि उनकी सरकार आदिवासियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी. उन्होंने इस दौरान आदिवासी समाज के लिए मुफ्त बिजली, रोजगार और आरक्षण से जुड़ी कई बड़ी बातें कहीं.

सोलर पैनल, पंखा और लाइट सब कुछ मिलेगा मुफ्त

अखिलेश यादव ने वीडियो में योजना की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि लोहिया आवास के तहत आदिवासियों को न सिर्फ पक्के मकान मिलेंगे, बल्कि उन्हें एक खास सुविधा भी दी जाएगी. 

इन घरों में सरकार की तरफ से सोलर पैनल लगाए जाएंगे. इस सोलर सिस्टम के जरिए घर के पंखे, एलईडी बल्ब और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी तरह मुफ्त चलेंगी. इसके लिए लाभार्थियों को एक भी पैसा नहीं देना होगा.

अलग आयोग का गठन और सरकारी टेंडरों में 2% आरक्षण

आदिवासी समाज को अधिकार और रोजगार से जोड़ने के लिए सपा मुखिया ने तीन और बड़े वादे किए हैं.

  • उत्तर प्रदेश में आदिवासियों की समस्याओं को सुनने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए 'अनुसूचित जनजाति आयोग' का अलग से गठन किया जाएगा.
  • सभी सरकारी टेंडरों में अनुसूचित जनजाति के लोगों को 2% आरक्षण दिया जाएगा.
  • आदिवासी युवाओं को काम सिखाने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि उन्हें सीधे काम और रोजगार से जोड़ा जा सके.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव का ये कदम उत्तर प्रदेश की राजनीति में हाशिए पर मौजूद आदिवासी समुदायों को अपने पाले में लाने की एक बड़ी कोशिश है. अखिलेश ने 2027 के चुनाव के लिए वोट बैंक तैयार करना शुरू कर दिया है.