मेरे माता-पिता और भाई ने पत्नी को मार डाला... झांसी में 25 साल की रोशनी वर्मा की कैसे हुई मौत? पूरा मामला सन्न कर देगा

Jhansi Crime News: झांसी में 25 वर्षीय रोशनी वर्मा की संदिग्ध मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष में जमकर मारपीट हुई. पति ने अपने ही परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है. मामला गहनों और जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.

Jhansi Crime News

Jhansi Crime News

प्रमोद कुमार गौतम

18 Apr 2026 (अपडेटेड: 18 Apr 2026, 10:18 AM)

follow google news

झांसी के मेडिकल कॉलेज परिसर में उस वक्त मामला गंभीर हो गया, जब 25 साल की एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद उसके मायके और ससुराल वाले आपस में भिड़ गए. बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले. पुलिस को मोर्चा संभालकर स्थिति पर काबू पाना पड़ा. इस केस में ट्विस्ट तब सामने आया जब मृतका के पति ने अपने ही माता-पिता और भाई के खिलाफ हत्या का आरोप लगा दिया.

यह भी पढ़ें...

कौन है मृतका?

मृतका का नाम रोशनी वर्मा (25) है. रोशनी 4 साल की बच्ची की मां थी,.मृतका के पति सुनील वर्मा विद्युत विभाग में कार्यरत हैं. पत्नी की मौत के बाद उन्होंने अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सुनील का कहना है कि उनके छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए रोशनी अपने ससुराल गई थी. आरोप है कि शादी के बहाने ससुराल वालों ने रोशनी के सारे जेवर उतरवा लिए और जब उसने वापस मांगे, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई.

रोशनी ने तड़पते हुए अपने पति और मां को फोन कर मदद की गुहार लगाई थी. पति का आरोप है कि उसके माता-पिता और छोटे भाई ने रोशनी के सिर पर वार किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

मृतका की मां ने क्या कहा?

मृतका की मां तुलसा ने बताया कि 2021 में शादी के बाद से ही रोशनी को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने रोशनी का मंगलसूत्र तक छीन लिया और उसे घर से निकाल दिया. दूसरी ओर, ससुर गनेश प्रसाद ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया है. उनका कहना है कि उनका बेटा ही उनके खिलाफ साजिश रच रहा है और मायके वालों ने अस्पताल परिसर में उनके साथ मारपीट की है.

अस्पताल में मारपीट की सूचना मिलते ही मेडिकल चौकी प्रभारी मोहित राणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया. चूंकि यह पूरी घटना मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी (टेहरका) की है, इसलिए झांसी पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के बाद मामला एमपी पुलिस को सौंपने की बात कही है.

ये भी पढ़ें: झांसी मर्डर मिस्ट्री! मणिपुर की ईसाई युवती का शव कब्रिस्तान में दफनाने की कोशिश... सहेली के दावों पर गहराया शक