Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रियंका नाम की एक महिला की शादी के 14 दिन बाद ही छत की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. प्रियंका की मौत को लेकर पति शुभम कहना है कि वह छत की मुंडेर पर पैर लटका कर मजाक कर रही थी तभी नीचे गिर गई. घर के लोग उसे उठाकर अस्पताल ले गए. लेकिन सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई. वह नीचे कैसे गिरी यह तो जांच में पता चलेगा. मौके पर पहुंची पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
साथी डॉट कॉम पर हुई थी मुलाकात
पति शुभम ने बताया कि उनकी करीब डेढ़ साल पहले जीवन साथी डॉट कॉम से मुलाकात हुई थी. मुलाकात के बाद उनके बीच बातचीत होने लगी और उन्होंने शादी करने का फैसला ले लिया. इसके बाद दोनों ने परिवार की सहमति से 28 अप्रैल को शादी कर ली. इसके बाद 2 मई को रिसेप्शन भी हुआ.
सिर्फ 14 दिनों में उजड़ गई दुनिया
मृतका प्रियंका की शादी बीते 28 अप्रैल को हुई थी. शादी के महज 14 दिनों में ही उसकी मौत हो गई. प्रियंका का मायका गोरखपुर में है. बताया जा रहा है कि उसके पिता कस्टम विभाग से रिटायर्ड हैं. वह काफी होशियार थी और बीएड भी कर चुकी थी. अभी 28 अप्रैल को उसकी झांसी के सीपरी बाजार थानांतर्गत मिशन कंपाउंड में रहने वाले शुभम से शादी हुई थी. शादी को अभी एक महीना भी नही हुआ था कि उसकी मौत हो गई.
पति शुभम ने ये सब बताया
मृतका के पति शुभम ने बताया कि सोमवार को शादी के उपलक्ष्य में घर पर सुहागिनों का खाना था. कार्यक्रम चल रहा था तभी लगभग 4.30 बजे प्रियंका अपने कमरे में आई. कुछ देर बाद वह दोनों छत पर गए और बातें करने लगे. इस दौरान प्रियंका छत की मुंडेर पर मजाक में पैर लटकाने लगी तो उसने मना किया. लेकिन वह फिर मजाक करने लगी और पैर मुंडेर पर लटका दिया. इतने में प्रियंका दूसरी मंजिल से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई. सभी लोग उसे उठाकर अस्पताल ले गए. लेकिन उसकी मौत हो गई. पति ने किसी तरह के विवाद से इनकार किया है. ऐसे में अब सवाल यह है कि वह धूप में छत पर क्यों गई थी? क्या कोई विवाद हुआ था ? क्या वह छत से कूद गई या किसी ने उसे धक्का दे दिया? अब इसी प्रकरण की जांच पुलिस कर रही है.
मामले को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घटना का वास्तविक कारण जानने के लिए टीम जांच में जुट गई है. पति समेत सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रहे आशुतोष पाण्डेय ने संपादित किया है.)
ADVERTISEMENT









