गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से दरभंगा जा रही बस का भीषण एक्सीडेंट, हादसे में 4 यात्रियों की मौत 3 घायल

यूपी तक

• 03:42 PM • 02 Oct 2026

Gorakhpur Link Expressway Accident: गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वोल्वो बस और ट्रक की भीषण टक्कर में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है. शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी आने को हादसे की वजह बताया जा रहा है.

Google CTA

Gorakhpur Link Expressway Accident: गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एक तेज रफ्तार वोल्वो बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के एक तरफ के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई. पुलिस के मुताबिक, इस भीषण हादसे में अब तक चार यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

यह भी देखें...

दिल्ली से दरभंगा जा रही थी वोल्वो बस

जानकारी के अनुसार, टेगरा एक्सप्रेस की यह वोल्वो बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर बिहार के दरभंगा जा रही थी. तभी बस का एक्सीडेंट एक ट्रक के साथ हो गया. हादसे की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे यूपी 112 के जरिए पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही जैतपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

अस्पताल पहुंचाए गए घायल, 3 की हालत गंभीर

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस में फंसे घायलों को निकाला और इलाज के लिए पास के सीएचसी नागपुर ले गई. डॉक्टरों ने जांच के बाद चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबेडकर नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

हादसे का कारण: ड्राइवर को आई नींद की झपकी

इस भीषण एक्सीडेंट के बाद सबसे बड़ा सवाल यह था कि आखिर इतनी बड़ी घटना कैसे हुई. पुलिस की शुरुआती जांच और मौके के हालात से पता चला है कि हादसे की मुख्य वजह बस ड्राइवर को नींद की झपकी आना हो सकती है. बताया जा रहा है कि सुबह के समय ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसकी वजह से बस अनियंत्रित हो गई और बेकाबू होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.