UP News: गोरखपुर के बेलघाट में शादी के महज 5 महीने बाद एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मुंबई में पली-बढ़ी 24 वर्षीय निकहत निशा की उसके 25 वर्षीय पति शादाब ने गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस घटना के पीछे की वजह सामने आई है. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के मुकारीपुर गांव में बंद कमरे में दोनों की लाशें मिलीं. शुरू में इसे परिवारिक झगड़े के कारण सामूहिक सुसाइड माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया. पुलिस के अनुसार शादाब ने सोमवार 11 मई की रात को पहले अपनी गर्भवती पत्नी निकहत को जहर दिया, फिर गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद वह खुद पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. यह सब निकहत के मुंबई वाले रहन-सहन, कपड़ों और शादाब की बेरोजगारी को लेकर रोज होने वाले झगड़ों के कारण हुआ.
ADVERTISEMENT
बचपन का रिश्ता और मोबाइल प्यार
शादाब और निकहत रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे. निकहत शादाब की बुआ की बेटी थी. बचपन में ही दोनों की शादी तय हो गई थी. बड़े होने पर मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और दोनों के बीच प्यार हो गया. निकहत मुंबई में परिवार के साथ रहती थी, जबकि शादाब गोरखपुर के गांव में रहता था. पिछले साल 7 नवंबर 2025 को दोनों परिवारों की सहमति से धूमधाम से निकाह हुआ. निकाह के बाद निकहत मुंबई छोड़कर गोरखपुर आ गई.
पत्नी के पहनावे से परेशान था शादाब
निकहत का काफी समय मुंबई में बिता था. निकहत का घर में लोवर-टीशर्ट पहनना शादाब को बिल्कुल पसंद नहीं था. वह उसे बिरादरी का हवाला देकर पारंपरिक कपड़े पहनने को कहता था. निकहत को शादाब की ये बता पसंद नहीं थी. जब भी शादाब कपड़ों को लेकर टोकता, निकहत उसे रूढ़िवादी कहकर पुराने ख्यालों से बाहर निकलने की बात करती थी. जानकारी के मुताबिक शादाब के पिता दुबई में थे, लेकिन शादाब खुद बेरोजगार था और दिनभर घर पर रहता था. निकहत के पिता मुंबई में पेंट पॉलिश का काम करते थे, इसलिए निकहत आत्मनिर्भर माहौल से आई थी. वह अक्सर शादाब पर नौकरी करने का दबाव डालती और बेरोजगार होने के ताने मारती थी.
मोबाइल चैट में छिपा था रिश्ते का दर्द
पुलिस को दोनों के मोबाइल से मिले मैसेज में इस कड़वाहट की पुष्टि हुई. निकहत ने एक मैसेज में लिखा था कि 'तुम मुझे कभी घुमाने नहीं ले जाते और न ही मेरे लिए खरीदारी करते हो, मैं घर में बंद रहने वाली लड़की नहीं हूं.' जवाब में शादाब ने लिखा था कि 'हमारी बिरादरी की लड़कियां इस तरह के कपड़े नहीं पहनतीं, अगर साथ रहना है तो लोवर-टीशर्ट पहनना छोड़ दो.' सोमवार शाम दोनों उदास बैठे रहे, खाना खाकर सोने चले गए. इसके बाद यह घटना हो गई.
मंगलवार सुबह कमरा देर तक बंद रहा तो शादाब की बहन सुमैया ने आवाज लगाई. कोई जवाब न मिलने पर खिड़की से झांककर देखा. अंदर शादाब पंखे से लटका हुआ था और निकहत बेड पर पड़ी थी. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट साफ बताती है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी की. दोनों के बीच तनाव बहुत बढ़ गया था.
ADVERTISEMENT









