Moradabad News: प्लॉट बेचकर बैंक में जमा किए ₹13 लाख, साइबर ठगों ने उड़ाए ₹7 लाख

Newzo

• 06:07 PM • 18 Jul 2026

Moradabad Cyber Crime: मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक मजदूर के बैंक खाते से करीब सात लाख रुपये उड़ा दिए. प्लॉट बेचकर जमा की गई जीवनभर की पूंजी में सेंध लगने का पता बैंक पहुंचने पर चला. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर बैंक से लेनदेन का विवरण मांगा है.

प्लॉट बेचकर बैंक में जमा किए ₹13 लाख, साइबर ठगों ने उड़ाए ₹7 लाख

प्लॉट बेचकर बैंक में जमा किए ₹13 लाख, साइबर ठगों ने उड़ाए ₹7 लाख

Google CTA

: साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला कुंदरकी थाना क्षेत्र का है, जहां एक गरीब मजदूर की जिंदगी भर की जमा-पूंजी पर शातिर साइबर ठगों ने डाका डाल दिया. पीड़ित ने प्लॉट बेचकर ₹13 लाख रुपये बैंक में सुरक्षित रखे थे, जिसमें से ठगों ने करीब ₹7 लाख उड़ा लिए. बैंक पहुंचने पर जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है.

यह भी पढ़ें...

जरूरत पड़ने पर बैंक गया तो उड़े होश

जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के ग्राम तेवर पट्टी उर्फ काजीपुरा के रहने वाले वेद प्रकाश पेशे से मजदूर हैं. उन्होंने हाल ही में अपना एक प्लॉट बेचा था. प्लॉट बेचने से मिले ₹13 लाख रुपये उन्होंने सुरक्षित रखने के लिए पंजाब नेशनल बैंक की कोहिनूर तिराहा मुरादाबाद शाखा में अपने खाते में जमा कराए थे. बीते दिनों जब उन्हें रुपयों की जरूरत पड़ी, तो वह पैसे निकालने बैंक पहुंचे.

 बैंक कर्मियों ने दी 7 लाख गायब होने की जानकारी

जब वेद प्रकाश ने बैंक कर्मियों से पैसे निकालने को कहा, तो उन्होंने खाते की जांच की. इसके बाद कर्मियों ने बताया कि उनके खाते से ₹7 लाख रुपये पहले ही निकल चुके हैं. यह सुनते ही मजदूर के होश उड़ गए. जब उन्होंने अपने खाते का बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि साइबर ठगों ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल ₹6,96,599 पार कर दिए हैं.

पीड़ित ने दी तहरीर, मामले की जांच में जुटी पुलिस

ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित वेद प्रकाश ने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायती पत्र के आधार पर मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है. बैंक से ट्रांजैक्शन की डिटेल मांगी जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.