Gorakhpur News: हर लड़की शादी के बाद एक नई जिंदगी और खुशहाल परिवार का सपना लेकर ससुराल जाती है. लेकिन गोरखपुर की एक महिला का दावा है कि उसके सपने शादी के पहले दिन से ही बिखरने लगे. उसका आरोप है कि जिस रिश्ते को उसने सात फेरों के साथ अपनाया, उसमें उसे न पति का साथ मिला, न अपनापन और न ही पत्नी होने का अधिकार. दो साल तक वह हर बार इस उम्मीद में चुप रही कि शायद सब ठीक हो जाएगा, लेकिन जब सवाल पूछे तो उसे कथित तौर पर बहानों, प्रताड़ना और आखिर में घर से निकाल दिए जाने का सामना करना पड़ा. अब इसी दर्द को लेकर महिला पुलिस के पहुंची है, जहां उसने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है.
ADVERTISEMENT
2021 में हुई थी शादी
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 19 नवंबर 2021 को लखनऊ के महानगर क्षेत्र के रहने वाले युवक से हुई थी. शादी में उसके परिवार ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे. महिला का आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही उसके साथ उपेक्षा और प्रताड़ना शुरू हो गई थी. उसे जरूरत का सामान तक नहीं दिया जाता था और परिवार का व्यवहार भी ठीक नहीं था.
पति हर बार करता रहा बहाना
महिला का कहना है कि जब भी उसने पति से दूरी बनाए रखने का कारण पूछा, तो वह कहता था कि उसका इलाज चल रहा है और दवा का कोर्स पूरा होने के बाद सब ठीक हो जाएगा. इसी तरह करीब दो साल बीत गए, लेकिन पति ने कभी भी उसके साथ वैवाहिक संबंध नहीं बनाए.
डॉक्टर ने मांगा स्पर्म सैंपल, पति ने कर दिया इनकार
महिला के मुताबिक, जब उसे पति पर शक हुआ तो वह उसे एक निजी अस्पताल लेकर गई. वहां डॉक्टर ने जांच के लिए स्पर्म सैंपल देने को कहा, लेकिन पति ने साफ तौर पर मना कर दिया. इसके बाद भी जब महिला ने इलाज कराने की बात कही तो ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर उससे 5 लाख रुपये लाने की मांग शुरू कर दी.
महिला का आरोप है कि उससे कहा गया कि पहले 5 लाख रुपये लेकर आओ, तभी इलाज कराया जाएगा. रुपये नहीं लाने पर उसे घर में रहने तक की अनुमति नहीं दी गई और मारपीट कर घर से निकाल दिया गया.
पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज
इन आरोपों के बाद महिला ने 12 जुलाई को शाम करीब 5 बजे गोरखनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति, सास, देवर, ननद समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस क्या बोली?
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
ADVERTISEMENT











