Fact Check: रोहिणी घावरी आईं भारत तो अस्पताल में भर्ती हुए चंद्रशेखर? वायरल वीडियो निकला 6 साल पुराना

यूपी तक

• 04:22 PM • 14 Sep 2026

रोहिणी घावरी के भारत लौटने के बाद चंद्रशेखर आजाद के अस्पताल में भर्ती होने का एक वीडियो वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि वीडियो हाल का है. आजतक फैक्ट चेक की पड़ताल में सामने आया कि वीडियो साल 2019 का है, जब तबीयत बिगड़ने पर चंद्रशेखर मेरठ के अस्पताल में भर्ती हुए थे.

Chandrashekhar Azad

Chandrashekhar Azad

Google CTA

Fact Check: रोहिणी घावरी के स्विट्जरलैंड से भारत लौटने के बाद भीम आर्मी चीफ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में चंद्रशेखर अस्पताल के बेड पर लेटे दिखाई दे रहे हैं और उनके आसपास डॉक्टर व समर्थक नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि रोहिणी घावरी के भारत लौटते ही चंद्रशेखर की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. हालांकि, यह दावा गलत है. आज तक फैक्ट चेक की पड़ताल में सामने आया है कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि साल 2019 का है.

यह भी पढ़ें...

वायरल वीडियो के साथ क्या किया जा रहा दावा?

रोहिणी घावरी को चंद्रशेखर आजाद की कथित पूर्व प्रेमिका बताया जाता है. उन्होंने चंद्रशेखर पर शोषण के आरोप लगाए थे. कई साल स्विट्जरलैंड में रहने के बाद उनके भारत लौटने के बाद से ही सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच चंद्रशेखर के अस्पताल में भर्ती होने का पुराना वीडियो शेयर करते हुए कुछ यूजर्स इसे मौजूदा घटनाक्रम से जोड़ रहे हैं.

एक वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि रोहिणी घावरी के भारत पहुंचते ही चंद्रशेखर को दिल का दौरा पड़ गया. पोस्ट में इस घटना को लेकर तंज भी कसा गया और वीडियो को मौजूदा समय का बताया गया.

रिवर्स सर्च में सामने आया पुराना वीडियो

आज तक फैक्ट चेक ने वायरल वीडियो की पड़ताल करने के लिए उसके कुछ कीफ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च किया. जांच के दौरान यही वीडियो पत्रिका की 13 मार्च 2019 की एक वीडियो रिपोर्ट में मिला. इससे स्पष्ट हो गया कि वायरल क्लिप करीब छह साल पुरानी है और इसका रोहिणी घावरी के हालिया भारत लौटने से कोई संबंध नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो में दिखाई दे रहे चंद्रशेखर को उस समय तबीयत बिगड़ने के बाद मेरठ के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था. उन्हें बेचैनी और घबराहट की शिकायत हुई थी.

गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी थी तबीयत

उस समय चंद्रशेखर आजाद को सहारनपुर के देवबंद में एक रैली से जुड़े मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उन पर आचार संहिता के उल्लंघन, आदेशों की अवहेलना और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने जैसे आरोप लगाए गए थे. गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस समय चंद्रशेखर के एक्स अकाउंट से भी उनकी तबीयत और अस्पताल में भर्ती होने से जुड़ी जानकारी साझा की गई थी. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी अस्पताल पहुंचकर उनसे मिली थीं.

क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?

पड़ताल से साफ है कि चंद्रशेखर आजाद का वायरल अस्पताल वाला वीडियो 2019 का पुराना वीडियो है. इसे रोहिणी घावरी के हालिया भारत लौटने से जोड़कर शेयर किया जा रहा है, जो भ्रामक है. यानी सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा कि रोहिणी के भारत आते ही चंद्रशेखर अस्पताल में भर्ती हुए, गलत है.

ये भी पढ़ें: यूपी में 14 IAS और 34 PCS अफसरों का तबादला, सहारनपुर-लखीमपुर खीरी समेत इन जिलों को मिले नए अफसर