मशहूर रामकथा वाचक राजन जी महाराज की कथा के दौरान गोरखपुर में भारी बवाल और हंगामे की खबर मिली है. इस घटना की जानकारी खुद राजन जी महाराज ने दी है. राजन जी महाराज ने मंच से अपनी तकलीफ सुनाते हुए बताया कि कथा के दौरान न केवल भगदड़ हुई, बल्कि उनकी टीम के मेम्बर्स को सरेआम गोली मारने की धमकी दी गई है. 16 साल की अपनी कथा यात्रा में इस तरह की घटना पहली बार होने पर उन्होंने कड़ा दुख व्यक्त किया है.
ADVERTISEMENT
'मेरे बच्चों को कहा गया गोली मार देंगे'
राजन जी महाराज ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गोरखपुर उनका घर है और उन्हें सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि यह घटना उनके अपने घर में घटी है. उन्होंने बताया, "कथा में बवाल हो गया, जिसके कारण हमने मंच पर चढ़ना ही बंद करा दिया. भगदड़ हुई और ऊपर से हमारे टीम के लोगों को गोली मारने की बात कही गई. हमारे बच्चों को कहा गया कि गोली मार देंगे."
उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, "मां का दूध पिया है तो मार के दिखाओ, हम प्रेम से घर में कथा गाने आए हैं और आशा करते हैं कि लोग उसी प्रेम से कथा सुनें." महाराज ने भावुक होते हुए कहा कि देवरिया, सिवान और गोरखपुर उनका अपना क्षेत्र है, लेकिन 16 साल में ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई।
मिलने के नाम पर 1100 रुपये की वसूली का खुलासा
धमकी के अलावा राजन जी महाराज ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से उन्हें शिकायतें मिल रही हैं कि उनसे मिलने के नाम पर लोगों से 1100 रुपये वसूले जा रहे हैं. महाराज ने स्पष्ट किया, "मैं स्पष्ट बताता हूं कि पूरी दुनिया में कहीं भी रामकथा गाता हूं, मैं मिलने के लिए कभी पैसा नहीं लेता. मिलने का समय दोपहर में एक घंटा निश्चित होता है और जिसे भी मिलना है, उसके लिए दरवाजा हमेशा खुला है."
राजन जी महाराज ने भक्तों से ये अपील
बवाल और भगदड़ की घटनाओं को देखते हुए राजन जी महाराज ने व्यवस्था में कड़ाई के संकेत दिए हैं. उन्होंने भक्तों से अपील की कि जो लोग एक बार मिल चुके हैं, वे अगले दिन दोबारा न आएं ताकि अन्य लोगों को भी मौका मिल सके.
ADVERTISEMENT









