मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर की जनता को करीब 70 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना की सौगात दी. गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक करीब 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण किया. नई सड़क के बनने से शहर के कई इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ जलभराव की दिक्कत भी दूर हो जाएगी.
ADVERTISEMENT
70 करोड़ से बनी सड़क, शहर के अंदर जाने की जरूरत कम होगी
मुख्यमंत्री ने जिस सड़क का लोकार्पण किया, वह ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक जाती है. करीब 1.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क को लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है.
सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-24 यानी सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर मार्ग से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है. सड़क के दोनों तरफ ड्रेन बनाए गए हैं, जिससे जलनिकासी की व्यवस्था भी बेहतर होगी.
सीएम योगी ने कहा कि सड़क संकरी होने के कारण यहां लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी. भारी वाहन भी आसानी से नहीं आ पाते थे. अब चौड़ी और मजबूत सड़क बनने से लोगों को राहत मिलेगी.
वाराणसी, लखनऊ और नेपाल जाना होगा आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सड़क की कनेक्टिविटी से वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर जाने वाले लोगों को शहर के अंदर जाने की जरूरत कम होगी.
उन्होंने बताया कि राजघाट से हाबर्ट बंधा-माधोपुर तटबंध को फोरलेन किया जा रहा है. डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा. यहां से डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास के जरिए कालेसर पहुंचकर लखनऊ मार्ग पकड़ा जा सकेगा. वहीं नेपाल और सोनौली की तरफ जाने के लिए महेसरा होकर जाने की सुविधा मिलेगी.
विकास के बीच सड़क पर हुआ सीएम का जोरदार स्वागत
सड़क का लोकार्पण करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटा और लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण किया. इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित सड़क का जायजा लेते हुए जनसभा स्थल तक यात्रा की.
रास्ते में करीब दर्जनभर स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जयकारे लगाए और फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया. मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़क किनारे दो हाथियों को भी सजाकर खड़ा किया गया था.
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











