Indian Railways: चित्रकूट जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. रेलवे ने चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस और मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस के विलय को मंजूरी दे दी है. इसके बाद दोनों ट्रेनों की जगह एक संयुक्त सेवा चलेगी.
ADVERTISEMENT
नई ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ से चित्रकूटधाम कर्वी तक सीधे जाएगी. अब प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर और चित्रकूट के बीच सफर करने वाले यात्रियों को कनेक्टिविटी का सीधा फायदा मिलेगा. लेकिन इस फैसले की सबसे खास बात सिर्फ ट्रेन का विलय नहीं है...
कानपुर में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं
रेलवे के मुताबिक, विलय के बाद सेवा 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस के नाम से संचालित होगी. इससे प्रतापगढ़ और चित्रकूट के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
अभी चित्रकूट जाने वाले यात्रियों के लिए कानपुर सेंट्रल जैसे स्टेशन पर ट्रेन बदलने की जरूरत पड़ सकती थी. नई व्यवस्था में यह परेशानी कम होगी. खासकर चित्रकूट जाने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए यह बदलाव काफी सुविधाजनक माना जा रहा है.
12 नहीं, अब 24 कोच की होगी ट्रेन
इस फैसले का दूसरा बड़ा फायदा ट्रेन की क्षमता से जुड़ा है. रेलवे ने संयुक्त सेवा में कोचों की संख्या 12 से बढ़ाकर 24 करने का फैसला किया है. ट्रेन की यात्री क्षमता सीधे दोगुनी हो जाएगी. इससे ज्यादा यात्रियों को सीट मिल सकेगी और कानपुर-प्रतापगढ़ रेलखंड पर बढ़ती भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी. कानपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रतापगढ़ और रास्ते के दूसरे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा.
लखनऊ से चित्रकूट तक भी सीधा कनेक्शन
नई सेवा का असर सिर्फ प्रतापगढ़ और चित्रकूट तक सीमित नहीं रहेगा. ट्रेन रायबरेली और लखनऊ जैसे शहरों से होते हुए चित्रकूटधाम कर्वी तक जाएगी. इससे लखनऊ और आसपास के इलाकों से चित्रकूट जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा. धार्मिक यात्रा के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं और दूसरे जरूरी कामों के लिए सफर करने वाले लोगों के लिए भी कनेक्टिविटी उपयोगी होगी.
इन स्टेशनों से होकर चलेगी ट्रेन
विलय के बाद ट्रेन रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, चिलबिला, मां चंद्रिका देवी धाम अंतू, अमेठी, गौरीगंज, काशिमपुर, जायस, फुरसतगंज, रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां, निगोहां, लखनऊ, मानक नगर, उन्नाव और कानपुर सेंट्रल शामिल हैं.
इसके बाद ट्रेन भीमसेन, कठारा रोड, पनारा, घाटमपुर, हमीरपुर रोड, यमुना साउथ बैंक, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, अतर्रा होते हुए चित्रकूटधाम कर्वी पहुंचेगी.
ADVERTISEMENT











