Ayodhya Ram Mandir CEO News: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रशासनिक संचालन के लिए पहले चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है. देशभर से मिले 5,300 से अधिक आवेदनों में से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है. इन उम्मीदवारों के इंटरव्यू की चार दिवसीय प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पहले दिन एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर चर्चित रहे पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय और अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा का इंटरव्यू पूरा हो गया. अब इन 18 उम्मीदवारों में से तीन नाम चुने जाएंगे.
ADVERTISEMENT
तीन सदस्यीय समिति कर रही उम्मीदवारों का इंटरव्यू
CEO पद के लिए उम्मीदवारों का चयन तीन सदस्यीय समिति कर रही है. इस समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल हैं. उम्मीदवारों से करीब एक से दो घंटे तक विस्तार से बातचीत की जा रही है. इंटरव्यू के दौरान उनके प्रशासनिक अनुभव, पेशेवर कामकाज और पहले निभाई गई जिम्मेदारियों से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं. इसके जरिए यह समझने की कोशिश की जा रही है कि उम्मीदवार बड़े स्तर की प्रशासनिक व्यवस्था को कितनी प्रभावी तरीके से संभाल सकता है.
आस्था से लेकर नेतृत्व क्षमता तक परखी जा रही
चयन प्रक्रिया में सिर्फ प्रशासनिक अनुभव ही नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की श्रीराम के प्रति आस्था और मंदिर से जुड़े दायित्वों की समझ को भी देखा जा रहा है. इसके अलावा परिवार और व्यक्तिगत पृष्ठभूमि से जुड़े पहलुओं पर भी जानकारी ली जा रही है. उम्मीदवार की नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और संस्थागत प्रबंधन को संभालने की योग्यता पर भी फोकस किया जा रहा है. CEO के पद को देखते हुए यह प्रक्रिया काफी अहम मानी जा रही है.
18 उम्मीदवार हुए शॉर्टलिस्ट
राम मंदिर के CEO पद के लिए देशभर से 5,300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे. चयन प्रक्रिया के बाद इनमें से सिर्फ 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है. इनमें पूर्व IPS राजेश पांडेय और अयोध्या के पूर्व DM योगेश्वर राम मिश्रा के नाम सामने आए हैं. बाकी 16 उम्मीदवारों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. चार दिन तक चलने वाली इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन समिति 18 उम्मीदवारों में से तीन नामों का चयन करेगी.
तीन नामों के बाद ट्रस्ट करेगा अंतिम फैसला
इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन सदस्यीय समिति अपनी पसंद के तीन उम्मीदवारों के नाम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी. इसके बाद ट्रस्ट के पदाधिकारी इन तीनों उम्मीदवारों का अलग से इंटरव्यू लेंगे. अंतिम चरण में ट्रस्ट तीन नामों में से एक उम्मीदवार को CEO के पद के लिए चुनेगा. यानी फिलहाल राजेश पांडेय और योगेश्वर राम मिश्रा समेत 18 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला जारी है.
व्यवस्थाओं के लिए अहम होगा CEO पद
राम मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और उससे जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते हुए CEO का पद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय में CEO की भूमिका अहम होगी. अब चार दिवसीय इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद तीन नाम सामने आएंगे और फिर ट्रस्ट उनमें से एक नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा.
ADVERTISEMENT











