यूपी के गोरखपुर में डेढ़ साल पुरानी क्रिकेट की रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया. शनिवार की शाम सिकरीगंज इलाके में आयोजित एक ब्रह्मभोज का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया जब एक सिरफिरे ने कतार में बैठकर खाना खा रहे बिजली ठेकेदार पर पीछे से सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात यहीं नहीं रुकी. जब अधमरी हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था तब रास्ते में हमलावरों ने ऑटो घेरकर तलवार, बांके और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी. मृतक के शरीर पर धारदार हथियारों के 20 से ज्यादा घाव मिले हैं. घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस ने 10 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है..
ADVERTISEMENT
क्रिकेट के पुराने विवाद में लिया गया बदला
ये घटना सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव की है. अहिरौली तिवारी के रहने वाले 50 साल के शिवकुमार तिवारी बिजली विभाग में ठेकेदारी करते थे. उनके बेटे गोरखपुर सिविल कोर्ट में वकील हैं. वह गांव में छेदी चौधरी के ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे. पंगत में बैठकर जब वे खाना खा रहे थे तभी शर्ट में सब्बल छिपाकर पहुंचे आरोपी ने पीछे से उनके सिर पर दे मारा. सिर पर गंभीर चोट लगते ही वे लहूलुहान होकर गिर पड़े.
अस्पताल ले जाते वक्त ऑटो घेरकर किया दोबारा हमला
आयोजक परिवार के लोग जब जख्मी शिवकुमार को ऑटो में लादकर तुरंत अस्पताल के लिए निकले तो गांव से कुछ ही दूरी पर हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास हमलावरों ने ऑटो को घेरकर रोक लिया. इसके बाद हमलावरों ने तलवार, बांके और चाकू से शिवकुमार पर हमला बोल दिया. गले, हाथ और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी मौके पर ही जान ले ली गई.
सड़क पर 500 मीटर तक फैले खून के धब्बे
घटना कितनी भयावह थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क पर करीब 500 मीटर तक खून के छींटे मिले. मृतक की उंगलियां कटी हुई थीं और गले पर गहरे जख्म थे.
डेढ़ साल पुरानी रंजिश और बदला
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के तार साल 2024 में हुए एक क्रिकेट विवाद से जुड़े हैं. उस वक्त हुए विवाद में आदेश चौधरी नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसमें शिवकुमार तिवारी आरोपी बने थे. उसी हत्या का बदला लेने के लिए आदेश के पट्टीदार राहुल चौधरी और उसके भाई रोहित चौधरी ने योजना बनाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के मुताबिक मृतक के भाई रामकुमार त्रिपाठी की तहरीर पर 7 नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 नामजद समेत कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. गांव में फैले तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT











