गोंडा लखनऊ हाईवे पर हुआ भीषण हादसा, दो सगे भाइयों समेत बिछ गईं इतने लोगों की लाशें..

Gonda Road Accident: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में लखनऊ-गोंडा हाईवे पर कर्नलगंज क्षेत्र के भलियानपुरवा के पास तेज रफ्तार SUV ने सड़क किनारे खड़े लोगों और बाइक सवारों को कुचल दिया. इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

यूपी तक

11 Jun 2026 (अपडेटेड: 11 Jun 2026, 01:44 PM)

follow google news

Gonda Road Accident: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के भलियानपुरवा स्थित संतोष ढाबे के पास हुए इस हादसे में तेज रफ्तार SUV ने सड़क किनारे खड़े लोगों और बाइक सवारों को कुचल दिया. इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह भी पढ़ें...

पहले हादसे के बाद जुटी भीड़ और फिर हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब सवा 5 बजे पहले एक छोटा सड़क हादसा हुआ था. इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए. कुछ लोग घायलों की मदद कर रहे थे, जबकि कुछ लोग घटना स्थल पर खड़े होकर स्थिति देख रहे थे. इसी दौरान लगभग 10 से 12 लोग सड़क किनारे मौजूद थे.

तेज रफ्तार SUV ने मचाई तबाही

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक SUV अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों व बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. चीख-पुकार और अफरातफरी के बीच कई लोग दूर जा गिरे और मौके पर भगदड़ मच गई.

चार की मौत, कई घायल, एक बच्चे ने भी तोड़ा दम

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में 25 वर्षीय गुलशन, 40 वर्षीय हसन मोहम्मद, इम्तियाज अली और संजय कुमार तिवारी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि इनमें दो सगे भाई भी थे, जिससे परिवारों में कोहराम मच गया. इसके अलावा इलाज के दौरान 10 वर्षीय मासूम अंशुमन ने भी दम तोड़ दिया, जबकि 19 वर्षीय परवेज की हालत गंभीर बनी हुई है.

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया. जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन खुद अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लिया. प्रशासन ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है, पांच लोग घायल हैं, जिनमें से कुछ का इलाज सीएचसी कर्नलगंज में चल रहा है और गंभीर घायलों को जिला अस्पताल तथा लखनऊ रेफर किया गया है.

पुलिस जांच और वाहन चालक हिरासत में

पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. वहीं पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है.

प्रत्यक्षदर्शियों का अलग दावा

हालांकि कुछ चश्मदीदों का कहना है कि पहले एक मामूली हादसा हुआ था और लोग उसकी मदद के लिए जुटे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में उनके परिवार के भी कई सदस्य प्रभावित हुए हैं और यह घटना उनके लिए बेहद दर्दनाक साबित हुई है.