Gonda Women Grievance Redressal: गोंडा में 37 महिलाओं की शिकायतों पर एक्शन मोड में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, एक हफ्ते में रिपोर्ट तलब

Newzo

• 05:29 PM • 08 Jun 2026

Gonda Maa Pateshwari Shakti Samvad: गोण्डा में आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम में 37 महिलाओं ने अपनी समस्याएं मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के समक्ष रखीं. आयुक्त ने सभी शिकायतों के एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए और अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी तथा संतोषजनक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

Gonda News

Gonda News

Google CTA

Gonda News: मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम महिलाओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण का एक सशक्त माध्यम बनता जा रहा है. सोमवार को आयोजित इस संवाद में 37 महिलाओं ने मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के समक्ष अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं. आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें और आवश्यकतानुसार फोटोग्राफ सहित आख्या प्रस्तुत करें.

यह भी पढ़ें...

दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट किया कि शक्ति संवाद के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से किया जाए और कार्रवाई से पूर्व शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए. दुर्गा पांडेय (मालवीय नगर) ने अपनी दुधमुंही बच्ची और पांच वर्षीय पुत्र को वापस दिलाने की मांग की. आयुक्त ने संबंधित थाना को तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

शहनाज बानो (ग्राम मिश्रौलिया बनकटवा, मनकापुर) ने पति और सास पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया. आयुक्त ने थानाध्यक्ष मनकापुर को पाँच दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. मनूप्रिया (रानीपुरवा, जानकी नगर) की नाली चैम्बर संबंधी शिकायत पुलिस और प्रशासन की पहल से आपसी समझौते द्वारा सुलझा ली गई. शिकायतकर्ता ने समाधान की पुष्टि की और अतिरिक्त कार्रवाई की आवश्यकता से इनकार किया.

पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा में यह भी जानकारी मिली कि ग्राम पंचायत मिश्रौलिया कानूनगो निवासी मीना पत्नी बब्लू चौहान की राशन कार्ड संबंधी समस्या का समाधान हो गया है. जिला पूर्ति विभाग ने आयुक्त के निर्देश पर राशन कार्ड में छूटे हुए सदस्यों के नाम शामिल कर दिए हैं. आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है, ताकि महिलाओं को त्वरित न्याय और राहत मिल सके.