Gonda Cricketer Lakshya Raichandani: जनपद के लिए गौरव का क्षण है कि युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के उपकप्तान के रूप में हुआ है. उन्हें आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टीम की उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है.
ADVERTISEMENT
लक्ष्य रायचंदानी जनपद के पूर्व विधायक तुलसीदास रायचंदानी के पौत्र हैं. उनके पिता एवं भाजपा नेता राजेश रायचंदानी ने बताया कि लक्ष्य ने मात्र 10 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। बाद में उन्होंने उत्तराखंड में कोच अशोक कुमार के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और अपनी कड़ी मेहनत व लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई.
लक्ष्य का हालिया प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. वर्ष 2023-24 में बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाकर उन्होंने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतिष्ठित जगमोहन डालमिया पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया. उत्तराखंड की रणजी टीम से जुड़े लक्ष्य कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं.
भारतीय अंडर-19 टीम का उपकप्तान बनाए जाने पर जिले के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है. खेल विशेषज्ञों और कोचों का मानना है कि लक्ष्य की यह सफलता गोण्डा के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी.
लक्ष्य रायचंदानी की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर छोटे शहरों और गांवों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.
ADVERTISEMENT










