Mirzapur News: हरी-भरी पहाड़ियों के बीच स्थित प्रसिद्ध श्री परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार, 29 जुलाई को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु गुरु दर्शन के लिए आश्रम पहुंचे. मंगलवार देर रात से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो बुधवार की सुबह तक लगातार जारी रहा.
ADVERTISEMENT
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विशाल मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने देर रात से ही पूरे मेला क्षेत्र में भ्रमण किया. एसपी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वयं सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखीं. मेले की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया.
जिला प्रशासन के अनुसार, विभिन्न राज्यों से करीब 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला क्षेत्र को 5 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया. सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई.
गुरुवर के दर्शन कर निहाल हुए श्रद्धालु
परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ (चुनार) में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचे. मंगलवार देर रात से ही आश्रम की ओर भक्तों का रुख शुरू हो गया था. बुधवार भोर होते-होते आश्रम की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते आवागमन प्रभावित हो गया. हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया.
बुधवार तड़के निर्धारित समय पर आरती और पूजन के बाद स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. जैसे ही भक्तों को गुरुवर के दर्शन हुए, पूरा आश्रम परिसर जयकारों से गूंज उठा. श्रद्धालुओं में गुरु दर्शन को लेकर जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली.
इस अवसर पर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को उपदेश देते हुए 'यथार्थ गीता' भेंट की और इसके महत्व एवं उपयोगिता के बारे में बताया. गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर आश्रम परिसर में पूरे दिन भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा.
ADVERTISEMENT











