Gonda News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के चकरौत गांव में 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले विकास केवल सैफई तक सीमित था, लेकिन अब गोंडा, बहराइच, बस्ती, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में भी मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे होते थे और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डाला जाता था, लेकिन अब कोई दंगाई आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई प्रदेश के उत्सवों और परंपराओं में बाधा डालने की कोशिश करेगा तो उसका वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी प्रभावित होगा.
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2017 से पहले गोंडा की पहचान देश के सबसे गंदे शहरों में होती थी, जबकि आज उसकी गिनती स्वच्छ शहरों में होने लगी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कराया जा रहा है और श्रावस्ती में एयरपोर्ट निर्माण का कार्य भी चल रहा है. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने महाराजा महाराजा सुहेल देव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनसे विदेशी आक्रांताओं का मुकाबला करने की प्रेरणा मिलती है. अयोध्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब वहां राम का नाम लेने पर लोगों को परेशान किया जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है.
उन्होंने कहा, “आज अयोध्या में राम भक्तों का सम्मान है और रामद्रोहियों के लिए वहां कोई जगह नहीं है.” उन्होंने इसे नई अयोध्या और नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर बताया. कार्यक्रम में कैसरगंज से सांसद करण भूषण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सांसद करण भूषण ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपना आदर्श बताया और कहा कि प्रदेश में उनके नेतृत्व को लोग विभिन्न उपाधियों से संबोधित करते हैं.
ADVERTISEMENT










