Gonda Bakri Gang: स्कॉर्पियो में घूमता था 'बकरी गैंग', कर्नलगंज पुलिस ने किया पर्दाफाश, 9 बकरियां बरामद

Newzo

• 05:33 PM • 08 Jun 2026

Bakri Gang Gonda: गोंडा में बकरी चोरी का ऐसा अनोखा मामला सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया. स्कॉर्पियो और बाइक से गांव-गांव घूमकर रेकी करने वाला 'बकरी गैंग' आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. 9 बकरियों की बरामदगी के साथ गिरोह का भंडाफोड़ होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.

 Gonda News

Gonda News

Google CTA

Bakri Gang Gonda: ग्रामीण इलाकों में दहशत का कारण बने बकरी चोरों के एक संगठित गिरोह का आखिरकार कर्नलगंज पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया. हैरानी की बात यह है कि बकरियां चुराने वाला यह गिरोह चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था. पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 9 बकरियां एवं बकरे, एक स्कॉर्पियो, एक पल्सर बाइक और नकदी बरामद की है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कर्नलगंज पुलिस ने दत्तनगर मोड़ के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया. पूछताछ में आरोपियों ने कई जिलों में हुई बकरी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की.


जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले गांवों में पहुंचकर पशुपालकों और उनके पशुबाड़ों की रेकी करते थे. इसके बाद रात के अंधेरे में बकरियां चोरी कर उन्हें वाहन में लादकर फरार हो जाते थे. चोरी किए गए पशुओं को बहराइच समेत आसपास की पशु मंडियों में बेचने की तैयारी की जाती थी.

पुलिस के अनुसार यह गिरोह गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था. आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार चोरी की बकरियां विभिन्न मंडियों में बेच चुके हैं. कर्नलगंज क्षेत्र से चोरी हुई. 9 बकरियों की बरामदगी से पीड़ित पशुपालकों के चेहरे पर खुशी लौट आई है.

ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी और भय का माहौल था. ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. क्षेत्रवासियों ने पुलिस की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होगा.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पुराने मामलों की जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.

बकरी चोरों की स्कॉर्पियो यात्रा खत्म, पुलिस के जाल में फंसा पूरा गैंग" फिलहाल कर्नलगंज में यही चर्चा का विषय बना हुआ है.