Greater Noida Viral Video: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें देखते ही देखते एक मकान ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिरता नजर आ रहा है. यह घटना तिलपता गांव की बताई जा रही है, जहां नाले के चौड़ीकरण के लिए चल रही खुदाई के दौरान जमीन धंस गई और इसकी चपेट में एक निर्माणाधीन मकान और दुकान आ गई.
ADVERTISEMENT
कुछ सेकंड में जमींदोज हुआ दो मंजिला मकान
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले जमीन में हलचल होती है, इसके बाद मकान धीरे-धीरे एक तरफ झुकने लगता है. देखते ही देखते कुछ ही सेकंड में पूरा दो मंजिला निर्माणाधीन मकान धूल के गुबार के साथ जमीन पर गिर जाता है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाले की खुदाई के दौरान मिट्टी खिसकने लगी थी, जिससे आसपास की जमीन कमजोर हो गई. इसी वजह से किनारे पर बना मकान और दुकान अपनी नींव खो बैठे और अचानक ढह गए.
नाले की खुदाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, तिलपता गांव में नाले के चौड़ीकरण का काम चल रहा था. इसी दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी. खुदाई के कारण जमीन का संतुलन बिगड़ गया और आसपास की संरचनाओं पर इसका असर पड़ा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की खुदाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे. लोगों ने आरोप लगाया कि बिना बैरिकेडिंग और तकनीकी जांच के काम किया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
मकान गिरने से टूटे बिजली के तार, मची अफरातफरी
मकान गिरने के साथ ही आसपास लगे बिजली के तार भी टूट गए. तारों में चिंगारी निकलने लगी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया.
हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मकान के आसपास कोई मौजूद नहीं था. इसके चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई.
पीड़ित ने लगाया लापरवाही का आरोप
मकान गिरने के बाद पीड़ित व्यक्ति मौके पर खड़ा दिखाई दिया. वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उसका मकान गिर गया है और रास्ता साफ करने के लिए जेसीबी को लेकर दबाव बनाया जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि घनी आबादी वाले इलाके में खुदाई शुरू करने से पहले आसपास के मकानों की मजबूती की जांच क्यों नहीं की गई.
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है. मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बड़ा सवाल- हादसा या लापरवाही?
भले ही इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कैमरे में कैद तस्वीरों ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर मकान गिरने के वक्त आसपास लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था.
अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह सिर्फ जमीन धंसने की वजह से हुआ हादसा था या फिर निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी.
ADVERTISEMENT










