Greater Noida Deepika Murder Case: हादसा नहीं, साजिश थी दीपिका की मौत? पिता के मिलने के आधे घंटे बाद ही मिली लाश... शरीर पर मिले चोटों के गहरे निशान

Greater Noida Deepika Murder Case: ग्रेटर नोएडा में 1 करोड़ के दहेज के बाद भी दीपिका की संदिग्ध मौत. पिता के मिलने के आधे घंटे बाद मिली लाश, शरीर पर मिले चोटों के निशान. पति और ससुर गिरफ्तार.

यूपी तक

• 05:42 PM • 18 May 2026

follow google news

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में हुई नवविवाहिता दीपिका की संदिग्ध मौत का मामला अब पूरी तरह से हत्या के संगीन आरोपों में तब्दील हो चुका है. करीब डेढ़ साल (14 महीने) पहले जिस बेटी की विदाई में पिता ने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई यानी एक करोड़ रुपये लगा दिए थे, उसे दहेज के लालची दरिंदों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. शुरुआत में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन परिजनों के दावों ने ससुराल वालों की क्रूरता की पोल खोलकर रख दी है.

यह भी पढ़ें...

पिता के मिलने के महज आधे घंटे बाद ही खेल खत्म!

दीपिका के पिता ने घटना वाले दिन की जो दास्तान बताई है, वह किसी के भी रोंगटे खड़े कर देगी. बीते दिनों दीपिका की तकलीफों को भांपकर उसके पिता उससे मिलने ससुराल (जलपुरा) गए थे. वह बेटी से मिलकर अभी निकले ही थे कि महज आधे घंटे के भीतर उन्हें खबर दी गई कि दीपिका ऊपर से गिर गई है.

जब बदहवास पिता अस्पताल पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. दीपिका के बेजान शरीर और पूरी बॉडी पर चोटों के गहरे निशान साफ नजर आ रहे थे. परिजनों का सीधा आरोप है कि यह कोई हादसा या खुदकुशी नहीं है, बल्कि पिता से मिलने के तुरंत बाद ससुराल वालों ने दीपिका के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी.

लोकलज्जा के डर से घुट-घुट कर सहती रही प्रताड़ना

परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष की तरफ से और ज्यादा दहेज की मांग को लेकर दीपिका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था. दीपिका एक बेहद स्वाभिमानी लड़की थी, इसलिए उसने कई बार इस भयानक तकलीफ और मारपीट के बारे में अपने मायके वालों को खुलकर नहीं बताया ताकि उसका परिवार परेशान न हो. वह घुट-घुट कर सब सहती रही, जिसका फायदा उठाकर ससुराल वालों के हौसले और बुलंद हो गए.

पति और ससुर गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

दीपिका के पिता की तहरीर और शरीर पर मिले चोट के निशानों को आधार बनाते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने मुख्य आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह और क्रूरता की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ होगी. फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहा है.