ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या करने वाले दरिंदे बलराज का अंत पुलिस मुठभेड़ में हो गया है. रक्षाबंधन के दिन घर के बाहर से मासूम को फुसलाकर अपने कमरे में ले जाने, उसकी जघन्य हत्या करने और फिर शव को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने वाले आरोपी को पुलिस एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बलराज मासूम के शव को बोरी में भरकर ले जाता हुआ कैद हुआ था जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की थी. इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में लोगों के बीच काफी गुस्सा है.
रक्षाबंधन के दिन गायब हुई थी मासूम
वारदात ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की है. शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 6 साल की मासूम बच्ची अचानक घर से लापता हो गई है. मामला एक नन्हीं बच्ची से जुड़ा होने के कारण पुलिस हरकत में आई और तुरंत 5 अलग-अलग टीमों का गठन कर बच्ची की तलाश शुरू की गई.
पुलिस ने जब गांव और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक दिल दहला देने वाला सच सामने आया. फुटेज में एक संदिग्ध युवक मासूम बच्ची के शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर ले जाता हुआ साफ नजर आया.
बहला-फुसलाकर कमरे में ले गया और फिर...
परिजनों और गांव वालों के मुताबिक आरोपी पड़ोस में ही रहता था और लेबर चौक पर मजदूरी करता था. रक्षाबंधन के दिन जब परिवार के सदस्य काम से बाहर गए हुए थे और मासूम मस्जिद के पास अकेली थी तब आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया.
आरोपी ने वहां मासूम की हत्या कर दी और उसके शव को एक बोरी में बंद कर दिया. इसके बाद वह बेखौफ होकर बोरी को कंधे पर लादकर पास के खेतों की तरफ ले गया और शव को वहीं फेंक दिया. परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है.
परिजनों ने की थी सख्त इंसाफ की मांग
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की करतूत उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया. बच्ची का शव खेत से बोरी के अंदर बरामद हुआ. रोते-बिलखते परिजनों ने आरोपी को तुरंत सख्त से सख्त सजा देने की मांग की थी. बच्ची के परिजनों का कहना था कि उन्हें अपनी मासूम बच्ची की इस दर्दनाक मौत पर हर हाल में इंसाफ चाहिए.
एनकाउंटर में ढेर हुआ हत्यारा
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू किया. इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी ढेर हो गया.
इससे पहले पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए थे.डीसीपी सेंट्रल नोएडा के मुताबिक, बच्ची के शव का डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है जिससे मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.
ये भी पढ़ें: हमारा लाल कहां से वापस आएगा... मेरठ में सालिम की खौफनाक हत्या के बाद इलाके में पुलिस ही पुलिस, पुरानी रंजिश में बड़ा कांड!
ADVERTISEMENT











