औकात नहीं है मेरे आगे... ग्रेटर नोएडा में 'शराब के नशे' में महिला ने सिक्योरिटी गार्ड्स को दीं भद्दी-भद्दी गालियां, किस बात को लेकर हुआ बवाल?

अरुण त्यागी

• 09:42 AM • 27 Aug 2026

ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में महिला ने भारी हंगामा काटा. आरोप है कि महिला ने सिक्योरिटी गार्ड्स को भद्दी गालियां दीं, जातिसूचक शब्द कहे और लात-थप्पड़ मारने का प्रयास किया. 4 मिनट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Greater Noida News

Greater Noida News

Google CTA

Greater Noida News: रात का समय. गौतमबुद्ध नगर का ग्रेटर नोएडा इलाका. यहां आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में एक महिला ने जमकर बवाल काटा. महिला का 4 मिनट से ज्यादा समय का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फ़ैल गया है. वीडियो में महिला को सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड्स को भद्दी-भद्दी गालियां और जातिसूचक शब्द बोलते हुए सुना जा सकता है. आरोप है कि महिला शराब के नशे में थी. हालांकि, पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है. 

यह भी पढ़ें...

बताया जा रहा है कि महिला ने ऑनलाइन सैनिटरी पैड और खाने का सामान ऑर्डर किया था. डिलीवरी बॉय जब सामान लेकर सोसाइटी पहुंचा तो सुरक्षा गार्ड ने उसे वेरिफिकेशन के लिए रोक लिया. इसी बात को लेकर महिला नाराज हो गई. महिला मौके पर पहुंची और सुरक्षा गार्ड्स से बहस करने लगी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. इसके बाद महिला की अभद्रता शुरू हुई. 

महिला ने गार्ड्स को मारा!

महिला पर सिक्योरिटी गार्ड्स संग मारपीट का भी आरोप है. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुर्सी पर बैठे एक गार्ड को महिला ने लात मारने की कोशिश की थी. इसके अलावा एक अन्य गार्ड को थप्पड़ मारने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है. मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षा गार्ड महिला की इस हरकत को देखते रहे. इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो अब वायरल है. 

महिला ने क्या-क्या कहा?

वीडियो में महिला ने कई अभद्र बातें कहीं. आरोपी महिला ने कहा, "तेरी कोई औकात नहीं मेरे आगे, जूता साफ करवाऊंगी तुझसे'. महिला के इस तरीके के व्यवहार पर अब लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. 

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत सेंचुरियन टेरेस होम सोसाइटी में एक महिला द्वारा ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया गया था. सोसाइटी के गार्ड द्वारा खाने का ऑर्डर लेकर आ रहे डिलीवरी बॉय को रोक दिया गया था. पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर महिला नाराज हो गई और हंगामा किया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में दूसरी महिला संग फ्लैट में मिला पति, पत्नी ने देखा तो मच गया बवाल, पूरा मामला हुआ कैमरे में कैद