Varanasi-Chandauli Traffic Update: पड़ाव स्थित राजघाट मालवीय पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखते हुए चंदौली पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की है. यह व्यवस्था बुधवार से 13 अगस्त तक प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक प्रभावी रहेगी.
ADVERTISEMENT
इन वाहनों के आवागमन पर रहेगी रोक
पुलिस के अनुसार कैंट-पड़ाव मार्ग पर स्थित मालवीय पुल पर ड्रेनेज स्पाउट एक्सटेंशन ज्वाइंट की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है. निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पड़ाव चौराहे से सुजाबाद पुलिस चौकी होते हुए राजघाट पुल की ओर जाने वाले सभी ऑटो, टोटो और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है.
वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन
प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार प्रभावित वाहन रामनगर, सामनेघाट, विश्व सुंदरी पुल, बहादुरपुर और रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करने की अपील की है.
13 अगस्त तक लागू रहेगी व्यवस्था
अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य के दौरान पुल पर वाहनों का दबाव कम रखना आवश्यक है, जिससे निर्माण कार्य सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा हो सके. डायवर्जन व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से यात्रा से पहले मार्ग की जानकारी लेने और निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है.
ADVERTISEMENT










