Bareilly Police News: बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. मीरगंज अंडरपास पर नवस्थापित पुलिस चौकी का उद्घाटन एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी पंकज कुमार सहित थाना पुलिस बल मौजूद रहा.
ADVERTISEMENT
उद्घाटन समारोह के दौरान एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने कहा कि अंडरपास चौकी के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए अब थाने तक नहीं जाना पड़ेगा. चौकी पर एक शिकायत रजिस्टर रखा गया है, जिसमें आने वाली सभी शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का विवरण दर्ज किया जाएगा. इससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी आएगी.
उन्होंने बताया कि मीरगंज अंडरपास क्षेत्र यातायात और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है. यहां पुलिस चौकी स्थापित होने से पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी.
एसपी साउथ ने विश्वास जताया कि नई चौकी के संचालन से क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा आम जनता को सुरक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा. स्थानीय लोगों ने भी चौकी की स्थापना का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया.
ADVERTISEMENT










