Barabanki accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. भीषण गर्मी और बिजली कटौती के बीच फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर झांसा गांव के पास एक परिवार खुले आसमान के नीचे चारपाई डालकर सो रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहा एक डंपर अनियंत्रित हो गया. बताया जा रहा है कि डंपर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर सीधे सो रहे परिवार पर चढ़ गया. इस भयावह हादसे में नीरज, उसके बेटे अनुराग समेत दो बच्चों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई, जबकि परिवार की मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग अब भी सदमे में हैं.
ADVERTISEMENT
बताया जा रहा है कि मृतक नीरज किराए पर मैजिक गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. वह मेहनत मजदूरी कर अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का सपना देख रहा था, लेकिन एक पल में इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि डंपर में चालक के अलावा तीन क्लीनर मौजूद थे. हादसे के बाद पुलिस ने तीन में से दो क्लीनरों को हिरासत में ले लिया है, जबकि डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है. पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है.
इस दर्दनाक घटना ने भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती की समस्या को भी उजागर कर दिया है. प्रदेश के कई इलाकों में लोग बिजली न आने के कारण घरों से बाहर, सड़कों के किनारे या छतों पर सोने को मजबूर हैं. बाराबंकी के लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश और दुख देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों ने खराब हालात और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं. वहीं प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
यह भी पढ़ें: UP Weather Update: यूपी में हीटवेव का कहर होगा कम... इन जिलों में जल्द होगी बारिश
ADVERTISEMENT









