Barabanki News: 30 जुलाई से आस्था का महासंगम, लोधेश्वर धाम की राहें जगमगाईं, सावन मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट

Newzo

• 10:16 AM • 29 Jul 2026

Barabanki Sawan Mela 2026: लाखों शिवभक्तों के आगमन से पहले संपर्क मार्गों पर रोड लाइट, बैरिकेडिंग और अन्य सुविधाएं अंतिम चरण में हैं. सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सफाई समेत सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध सुविधाएं मिल सकें.

30 जुलाई से आस्था का महासंगम, लोधेश्वर धाम की राहें जगमगाईं, सावन मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट

30 जुलाई से आस्था का महासंगम, लोधेश्वर धाम की राहें जगमगाईं, सावन मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट

Google CTA

Barabanki News: तहसील रामनगर स्थित जनपद के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव धाम का ऐतिहासिक सावन मेला 30 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है. मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर बुधवार को विभिन्न संपर्क मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का कार्य तेजी से कराया गया.

यह भी पढ़ें...

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मीतपुर–महादेवा मार्ग, पुराने गणेशपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, केसरीपुर–महादेवा मार्ग सहित अन्य प्रमुख रास्तों पर रोड लाइट लगाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. पिछले तीन दिनों से सड़क किनारे बल्लियां गाड़कर उन पर विद्युत लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे रात्रि के समय आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

मंगलवार को पुराने लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के महादेवा संपर्क मार्ग पर भी प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूरा किया गया. बुधवार को विभिन्न स्थानों पर विद्युत कनेक्शन, बैरिकेडिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में कर्मचारी जुटे रहे. प्रशासन का प्रयास है कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जाएं.

उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ा कोई भी कार्य अधूरा न रहे. उनके निर्देश पर ठेकेदार द्वारा विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग और मार्गों की अन्य तैयारियां तेजी से कराई जा रही हैं.

प्रशासन के अनुसार बुधवार देर रात से ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी शिवभक्तों का लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचना शुरू हो जाएगा. श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस, विद्युत, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, पेयजल और सफाई सहित सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
 
बुधवार को पूरे महादेवा क्षेत्र में मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि गुरुवार से शुरू होने वाले सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.