Barabanki News: जनपद की तहसील फतेहपुर क्षेत्र में मंगलवार अपराह्न करीब 3:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई. कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद हुई इस वर्षा ने लोगों को राहत पहुंचाई, जबकि धान की खेती कर रहे किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई. किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से फसल की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा.
ADVERTISEMENT
पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस के कारण खेतों की नमी कम हो रही थी, जिससे किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे. मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे खरीफ सीजन की धान की फसल को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं मौसम सुहावना होने से लोगों ने भी गर्मी से राहत महसूस की.
इसी बीच राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की ओर से मोबाइल अलर्ट जारी कर अगले तीन घंटे के दौरान जिले के कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना जताई गई. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है.
बारिश के चलते कई कच्चे रास्तों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि किसानों का मानना है कि यह बारिश धान की फसल के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और इससे उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई है.
ADVERTISEMENT











