Ballia news: उत्तर प्रदेश के बलिया में समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, चरमराई बिजली व्यवस्था और लगातार हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
ADVERTISEMENT
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सपा कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सपा जिला अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम जिला अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा.सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इन बुनियादी समस्याओं का समाधान नही हुआ, तो यह आंदोलन ब्लाक स्तर से लेकर पूरी विधानसभा और प्रदेश में फैलेगी और उग्र रूप अख्तियार करेगा.
कलेक्ट्रेट में उमड़ा लाल टोपी का सैलाब
बलिया कलेक्ट्रेट परिसर का नजारा आज पूरी तरह से समाजवादी रंग में रंगा नजर आया. चारों तरफ सपा के झंडे, बैनर और लाल टोपी, गमछे में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा थी. प्रदर्शन में ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू के नेतृत्व में सैकड़ो गाड़ियों के काफिले के साथ हजारों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे. जिससे पूरा परिसर छावनी में तब्दील नजर आया.वहीं समाजवादी पार्टी के बैरिया विधायक, सिकंदरपुर और फेफना विधायक के साथ ही बड़े नेताओं ने भी अपनी ताकत के साथ उपस्थिति दर्ज कराई.
सड़क से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई- संग्राम सिंह यादव
भाजपा द्वारा इस प्रदर्शन को चुनावी स्टंट बताए जाने और सपा नेताओं पर 4 साल तक एसी कमरे में बैठने के आरोप पर पलटवार करते हुए फेफना विधायक व जिला अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने कहा प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है. बलिया में बिजली की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. सबसे दर्दनाक यह है कि नौजवानों के पेपर लगातार लीक हो रहे है जिससे हताश होकर लड़के आत्महत्या करने पर मजबूर है. समाजवादी पार्टी तमाम समस्याओं को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन दे रही है, एसी कमरों में नहीं बैठते, सपा सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी या लड़ाई जारी रहेगी.
जैसे पेपर लीक हो रहे, वैसे ही 2027 में सरकार लीक हो जाएगी- नीरज सिंह गुड्डू
मीडिया से मुखातिब होते हुए सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू ने यूपी सरकार को हर मोड़ पर विफल बताया, उन्होंने पेपर लीक मामले पर तंज कसते हुए कहा, जिस तरह से प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं ठीक उसी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता इस सरकार को भी लीक यानी सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी. महंगाई और भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने आगे कहा, पहले जो भाजपा नेता 50 रुपये दाम बढ़ने पर भी सिलेंडर लेकर सड़कों पर घूमते थे, आज रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छूने पर भी वे कहीं गायब है. अब विपक्ष चुप नहीं बैठेगा हम ब्लॉक स्तर तक पदयात्रा निकाल कर सरकार की चूले हिला देंगे और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे.
2 करोड़ नौकरी का वादा करने वालों के राज में 100 से ज्यादा पेपर लीक- अरविंद गिरी
सपा के बड़े चेहरों में शामिल अरविंद गिरी ने युवाओं और किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाया. उन्होंने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि हर साल 2 करोड़ नौकरियों का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में अब तक 100 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं. जिससे छात्रों का भविष्य पूरी तरह तबाह हो गया. निजीकरण और महंगे बिजली बिलों ने आम जनता और महिलाओं का बजट बिगाड़ दिया है.
अनोखा प्रदर्शन, ठेले पर लादी मोटरसाइकिल
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में एक अनोखा और दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला. प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. वहीं लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष ने बढ़ती महंगाई के विरोध में एक ठेले पर मोटरसाइकिल लादकर प्रदर्शन किया. सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि डीजल पेट्रोल की कीमत इतनी बढ़ चुकी है कि अब आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुमकिन नहीं रहा, अब गाड़ियों को ठेले पर ही ढोना होना पड़ेगा.
समाजवादियों ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन महज जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा. अगर समय रहते जनता की समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो पूरी बलिया में चक्का जाम का उग्र आंदोलन किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









