अयोध्या के रुदौली तहसील के एक ज्वेलरी शोरूम में 2 अप्रैल को हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात ने सबको सन्न कर दिया था. बुर्का पहने एक युवती ने फिल्मी अंदाज में पिस्टल तानकर सोने के जेवर लूटे और फरार हो गई. लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने महज 2 घंटे के भीतर इस लुटेरी दुल्हन और उसके प्रेमी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. अब इस आरोपी युवती की रोमांटिक और फिल्मी गानों वाली रील्स सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
ADVERTISEMENT
खिलौना पिस्टल और बुर्के का मास्टरप्लान
सीसीटीवी फुटेज में कैद इस वारदात में देखा गया कि पायल नाम की युवती बुर्का पहनकर दुकान में घुसी. उसने दुकानदार को डराने के लिए जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया, वह जांच में खिलौना पिस्टल निकली. करीब 26 ग्राम सोने के जेवर समेटकर वह जैसे ही बाहर निकली, उसका प्रेमी राहुल बाइक स्टार्ट कर खड़ा था. दोनों पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो गए.
सीसीटीवी और बाइक नंबर ने फंसाया
रुदौली पुलिस ने घटना के तुरंत बाद इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. कैमरे में न केवल लूट की लाइव तस्वीरें कैद हुईं, बल्कि भागते वक्त बाइक का नंबर भी साफ नजर आ गया. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और 2 घंटे के भीतर राहुल और पायल को धर दबोचा. पुलिस ने उनके पास से लूटे गए शत-प्रतिशत गहने और वारदात में इस्तेमाल नकली पिस्टल बरामद कर ली है.
पैसे की तंगी बनी अपराध की वजह?
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पायल ने बताया कि पैसों की कमी के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस उनके दावों की पुष्टि कर रही है. चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों का कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है. पकड़ी गई पायल के जो वीडियो वायरल हो रहे हैं, उनमें वह काफी बेखौफ अंदाज में फिल्मी गानों पर एक्टिंग करती नजर आ रही है.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
कोतवाली रुदौली पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी वारदात का चंद घंटों में खुलासा हो गया. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. इस खुलासे के बाद स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है.
ADVERTISEMENT









