Ayodhya Crime News: अयोध्या के थाना कोतवाली अंतर्गत रामपुर हलवारा गांव में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. पिलर खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और फावड़े चले. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरा विवाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने होता रहा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
पिलर लगाने को लेकर शुरू हुआ संग्राम
जानकारी के मुताबिक, वादी राम प्रकाश निषाद का परिवार अपने मकान में गेट लगाने के लिए पिलर खड़ा कर रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष (यादव पक्ष) के लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ी कि हमलावर लाठी, डंडे, बेलचा और फावड़े लेकर टूट पड़े. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोग एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू थे.
कई लोग हुए अचेत, एक की हालत नाजुक
इस हिंसक झड़प में निषाद परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हमले में तीन लोगों के सिर पर गहरे घाव आए हैं, जबकि कुछ लोग चोट लगने के बाद मौके पर ही बेहोश हो गए. घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक शख्स की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.
पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल, FIR दर्ज
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की जमकर किरकिरी हो रही है. बड़ा सवाल यही है कि जब कानून के रखवाले मौके पर मौजूद थे, तब भी हिंसा क्यों नहीं रुक पाई? हालांकि, घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कई नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
वारदात के बाद से ही रामपुर हलवारा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और गांव में गश्त बढ़ा दी गई है. वादी पक्ष का आरोप है कि विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से सुनियोजित हमला किया था.
ADVERTISEMENT









