Who is IAS Shashank Tripathi: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सोमवार को 24 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस बड़ी लिस्ट में अलीगढ़, बांदा, गाजीपुर और सोनभद्र सहित कई जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा IAS शशांक त्रिपाठी की हो रही है. उनका बाराबंकी से तबादला कर रामनगरी अयोध्या की कमान सौंपी गई है. अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण जिले का डीएम बनने के बाद से ही शशांक त्रिपाठी सुर्खियों में हैं. आइए जानते हैं कौन हैं वो अफसर, जिन पर सरकार ने इतना बड़ा भरोसा जताया है?
ADVERTISEMENT
कानपुर से IIT और फिर IAS तक का सफर
IAS शशांक त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं. उनका गृह जनपद कानपुर देहात है. पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहे शशांक ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT कानपुर से बीटेक की डिग्री हासिल की है. इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा का रुख किया और साल 2016 में भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए चुने गए.
आपको बता दें कि अयोध्या का डीएम बनने से पहले वे बाराबंकी में जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे. बाराबंकी में उनके कार्यकाल और कार्यशैली को देखते हुए ही उन्हें अयोध्या जैसी हाई-प्रोफाइल पोस्टिंग दी गई है. 1 जुलाई 1991 को जन्मे शशांक त्रिपाठी युवा और ऊर्जावान अफसरों में गिने जाते हैं.
इन जिलों के भी बदले गए जिलाधिकारी
सोमवार को हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में अयोध्या के अलावा कई अन्य जिलों के डीएम भी बदले गए हैं. अलीगढ़, एटा, बांदा, फर्रुखाबाद, हापुड़, अंबेडकर नगर, सोनभद्र, गाजीपुर और बाराबंकी में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और विकास कार्यों की गति को देखते हुए डीएम का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. अब देखना होगा कि IIT से निकले इस युवा अफसर के नेतृत्व में अयोध्या के विकास को कितनी नई रफ्तार मिलती है.
ADVERTISEMENT









