अयोध्या में CM योगी का बड़ा ऐलान, भदरसा और खीरौनी नगर पंचायत का बदला जाएगा नाम

कुमार अभिषेक

• 01:14 PM • 10 Jul 2026

CM Yogi Big Announcement: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे में बड़ा ऐलान करते हुए भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरत नगर करने की घोषणा की. साथ ही नए नगर क्षेत्र का नाम मां ज्वाला रखने और विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला.

CM Yogi in Ayodhya

CM Yogi in Ayodhya

Google CTA

CM Yogi big Announcement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान एक बड़ा ऐलान किया है. सीएम योगी ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री के इस बड़े फैसले के बाद अब भदरसा को भरत नगर के रूप में जाना जाएगा जो कि प्रसिद्ध पौराणिक स्थल भरत कुंड के नाम को समर्पित होगा. इसके साथ ही उन्होंने एक अन्य नए नगरपालिका क्षेत्र का नाम मां ज्वाला के नाम पर रखने की भी बात कही. 

यह भी पढ़ें...

भदरसा अब कहलाएगा भरत नगर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की जनसभा में मंच से घोषणा की. उन्होंने कहा 'बीकापुर का भदरसा नगर पंचायत अब भदरसा नहीं रहेगा. इसका नाम बदलकर भगवान राम के भाई भरत जी और प्रसिद्ध तपस्थली भरत कुंड के नाम पर भरत नगर किया जाएगा. इसके अलावा एक नए नगरपालिका क्षेत्र का नामकरण भी मां ज्वाला के नाम पर किया जाएगा.'

बता दें कि अयोध्या की खीरौनी सुचित्रागंज क्षेत्र को हाल ही में ग्राम पंचायत से नगर पंचायत में अपग्रेड किया गया था जिसका नाम स्थानीय मांग के अनुसार बदलकर मां ज्वाला किया जाएगा.


विपक्ष को इस बात का बुरा लग रहा है कि जो वो नहीं कर पाए, वो हमने कर दिया-सीएम योगी

अयोध्या के विकास कार्यों और महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग आज इसलिए अयोध्या का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे अपने कार्यकाल में यह सब नहीं कर पाए. उन्हें इस बात का बुरा लग रहा है कि अयोध्या के एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर क्यों हो गया. अयोध्या के रैन बसेरे का नाम निषादराज गुह के नाम पर रखने से भी विपक्ष को परेशानी हो रही है.

वक्फ बोर्ड के नाम पर जमीन कब्जाने का लगाया आरोप

विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने श्रृंगवेरपुर धाम का जिक्र किया. उन्होंने कहा 'हमने न सिर्फ अयोध्या का कायाकल्प किया बल्कि श्रृंगवेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज के गले मिलने की एक बेहद भव्य और ऐतिहासिक प्रतिमा भी स्थापित करवाई है. ये वही स्थल है जिस पर विपक्षी दल अपने समय में वक्फ के नाम पर कब्जा करवा रहे थे. हम तुष्टिकरण नहीं बल्कि सनातन संस्कृति और समाज के हर तबके के महापुरुषों का सम्मान करने का काम कर रहे हैं.'

मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में स्थानीय लोगों और संतों ने खुशी जाहिर की है. वहीं भरत नगर नामकरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी कागजी प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाएगा.