आज राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी बैठक, नए चेहरे, नई व्यवस्था और चढ़ावे पर हो सकते हैं कई बड़े फैसले

अयोध्या में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होगी. माना जा रहा है कि इसमें नए महासचिव के चयन, खाली पदों पर नियुक्ति और चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद मंदिर की वित्तीय व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर बड़े फैसले हो सकते हैं.

Ayodhya Ram Mandir Trust Meeting

Ayodhya Ram Mandir Trust Meeting News

Google CTA

Ayodhya Ram Mandir Trust Meeting: अयोध्या में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. चढ़ावा चोरी मामले के बाद आयोजित हो रही इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं. माना जा रहा है कि बैठक में ट्रस्ट के नए महासचिव के चयन, लंबे समय से खाली पड़े अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति और मंदिर की वित्तीय व सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने जैसे अहम मुद्दों पर फैसला लिया जा सकता है.

यह भी पढ़ें...

खाली पदों पर हो सकता है फैसला

ट्रस्ट की बैठक दो चरणों में आयोजित होगी. पहले सत्र की शुरुआत दोपहर तीन बजे होगी, जिसमें महासचिव समेत खाली पड़े पदों पर चर्चा और चयन की प्रक्रिया होगी. इसके बाद शाम चार बजे से दूसरे सत्र में मंदिर की व्यवस्थाओं और अन्य प्रशासनिक विषयों पर मंथन किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया महासचिव विश्व हिंदू परिषद से ही चुना जा सकता है. वहीं, लंबे समय से खाली पड़े दो अन्य महत्वपूर्ण पदों को भी भरने की संभावना है.

चढ़ावा चोरी मामले के बाद बदलेगी कार्यप्रणाली?

हाल में सामने आए चढ़ावा चोरी मामले और उसके बाद हुई जांच के बाद ट्रस्ट अपनी कार्यप्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा सकता है. बैठक में चढ़ावे की गिनती, अकाउंटिंग सिस्टम, बैंकिंग व्यवस्था, मॉनिटरिंग और कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर नई व्यवस्था लागू करने पर चर्चा होने की उम्मीद है. ट्रस्ट का उद्देश्य वित्तीय निगरानी को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना बताया जा रहा है.

एक संत को मिल सकती है जिम्मेदारी

पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद कई पद खाली हैं. इसके अलावा बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से रिक्त हुए स्थान पर उनके बेटे, राज परिवार के सदस्य और साहित्यकार यतींद्र मिश्र के चयन की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट में अयोध्या के किसी एक संत को भी सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है. हालांकि अंतिम फैसला बैठक में सर्वसम्मति से लिया जाएगा.

महंत दिनेंद्र दास ने क्या कहा?

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने कहा, 'बैठक दोपहर तीन बजे मणिराम दास की छावनी में होगी. बैठक में जो भी निर्णय होगा, वह सभी सदस्यों को मान्य होगा.' उन्होंने बताया कि बैठक में राम मंदिर में नोटों की काउंटिंग, सुरक्षा व्यवस्था और एसआईटी जांच से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी. उन्होंने यह भी कहा कि 'राम मंदिर में पूजा परंपरा का निर्वहन रामानंदीय परंपरा के अनुरूप बेहतर ढंग से किया जा रहा है और ट्रस्ट लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है.'

अयोध्या पहुंचने लगे ट्रस्टी

यूपी तक के अनुसार, बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के सदस्य अयोध्या पहुंचने लगे हैं. मंगलवार देर शाम युगपुरुष परमानंद और जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंच चुके हैं, जबकि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि के बुधवार सुबह पहुंचने का कार्यक्रम है. वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण बैठक में ऑनलाइन शामिल होंगे. वहीं विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी और वरिष्ठ संरक्षक दिनेश चंद्र भी अयोध्या पहुंच चुके हैं. ऐसे में आज होने वाली बैठक को राम मंदिर ट्रस्ट की भविष्य की कार्यप्रणाली तय करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.