Amethi Homeguard Bharti News: पुलिस अधीक्षक सर्वानन टी. ने सोमवार को नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DVPST) प्रक्रिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए.
एसपी सर्वानन टी. ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी चरण तय मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएंगे.उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा पूरी प्रक्रिया के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखी जाए.
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक लाइंस श्वेताभ भास्कर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











