Amethi News: हरियाली की ओर अमेठी की ऐतिहासिक छलांग, एक पेड़ मां के नाम अभियान में 53 लाख पौधों का लक्ष्य

Newzo

• 02:29 PM • 12 Jul 2026

Amethi Plantation News: अमेठी में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 53 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है. स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने अभियान का शुभारंभ कर लोगों से पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की. अभियान में जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया.

हरियाली की ओर अमेठी की ऐतिहासिक छलांग, एक पेड़ मां के नाम अभियान में 53 लाख पौधों का लक्ष्य

हरियाली की ओर अमेठी की ऐतिहासिक छलांग, एक पेड़ मां के नाम अभियान में 53 लाख पौधों का लक्ष्य

Google CTA

Amethi News: प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने रविवार को तिलोई ब्लॉक के महिया सिंदुरिया गांव से "एक पेड़ मां के नाम" पौधारोपण महायज्ञ का शुभारंभ किया. इस दौरान शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी चैत्रा वी भी अभियान में शामिल रहीं और पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

यह भी पढ़ें...

प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अमेठी जिले में भी बृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। "एक पेड़ मां के नाम" थीम पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जा रहे हैं. अभियान के तहत एक ही दिन में जिले में 53 लाख से अधिक पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए प्रशासन, वन विभाग, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है.

स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए. उन्होंने कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देना सरकार की प्राथमिकता है.

अमेठी के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रणबीर मिश्र ने बताया कि जिले में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों के कारण जिले में लगभग 2.21 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र की वृद्धि दर्ज की गई है. वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान से वन क्षेत्र में और बढ़ोतरी की उम्मीद है.

डीएफओ ने बताया कि वन महोत्सव अभियान के तहत अब तक जिले में साढ़े चार लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं. किसानों से खेतों की मेड़ों पर पौधे लगाने की अपील की गई है, जबकि छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, तभी हरित अमेठी और स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा.