Amethi Plantaion Campaign News: पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से अमेठी में 12 जुलाई को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 53 लाख 66 हजार 100 पौधे लगाए जाएंगे. इस महाअभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए वन विभाग सभी विभागों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों को इससे जोड़ने में जुटा है.
ADVERTISEMENT
तेजी से चल रही तैयारियां
पौधारोपण स्थलों का चयन, गड्ढों की खुदाई और नर्सरियों से पौधों का उठान तेजी से किया जा रहा है. अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन स्तर पर लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है.
वन विभाग ने की पूरी तैयारी
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रणवीर मिश्र ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने कहा कि जिले में वन क्षेत्र पहले भी बढ़ा है और इस बार बड़े पैमाने पर पौधारोपण से फॉरेस्ट कवर में और वृद्धि होने की उम्मीद है, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी.
मंत्री की मौजूदगी में होगा विशेष पौधारोपण
वन महोत्सव अभियान के तहत अब तक 4 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं. वहीं 12 जुलाई को पूरे जिले में 48 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा. प्रदेश सरकार के मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की मौजूदगी में 5 हेक्टेयर क्षेत्र में 12 हजार से अधिक पौधे एक साथ लगाए जाएंगे.
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
जिलाधिकारी के निर्देश पर वन विभाग ने अभियान की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है. यहां से पूरे जिले में चल रहे पौधारोपण और उसके संरक्षण की मॉनिटरिंग की जाएगी. अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी है.
29 नर्सरियों में तैयार हैं 81 लाख पौधे
अमेठी जिले की 29 नर्सरियों में 81 लाख से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं. इनमें नीम, पीपल, बरगद, शीशम, अर्जुन, जामुन, महुआ और आंवला सहित कई प्रजातियां शामिल हैं. वन विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष भी जिले के वन क्षेत्र में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज होगी.
ADVERTISEMENT











