Amethi Weather Update 10th July 2026: जिले में देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा. लगातार हो रही वर्षा से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब युद्धस्तर पर धान की रोपाई में जुट गए हैं.
ADVERTISEMENT
बारिश के चलते जिले का तापमान गिरकर करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. ठंडी हवाओं और रुक-रुक कर हो रही वर्षा से मौसम सुहावना बना हुआ है. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत महसूस हो रही है. नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए.
ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का सबसे अधिक लाभ कृषि कार्यों को मिला है. खेतों में पर्याप्त पानी भर जाने से किसान धान की रोपाई और बेड़न के कार्य में तेजी से जुट गए हैं. किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि सक्रिय मानसूनी प्रणाली और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी के कारण जिले में अच्छी वर्षा हो रही है. उन्होंने कहा कि यह बारिश धान की रोपाई के लिए काफी लाभकारी है, किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है, ताकि अधिक पानी जमा होने से फसल को नुकसान न पहुंचे. उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान अमेठी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ वर्षा भी हो सकती है.
हालांकि लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है. कई गांवों में मिट्टी की दीवारों और जर्जर मकानों में दरारें पड़ने लगी हैं. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो कमजोर और कच्चे मकान गिर सकते हैं। ऐसे परिवारों की चिंता बढ़ गई है जो अभी भी कच्चे घरों में रहने को मजबूर हैं.
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सतर्क रहने की सलाह दी है. वहीं किसानों से मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्यों में आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है.
ADVERTISEMENT











