Amethi News: बुधवार को जिले में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, बादलों की मौजूदगी से लोगों को तेज धूप और गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन हल्की बारिश के बाद बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, उमस बढ़ती चली गई. कई क्षेत्रों में हल्की फुहारें और मामूली बारिश हुई, जिससे तापमान में थोड़ी कमी तो आई, लेकिन लोगों को राहत नहीं मिल सकी. बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखाई दी और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले.
बिजली की आवाजाही और कई इलाकों में कम वोल्टेज की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. पंखे और कूलर भी पर्याप्त राहत नहीं दे सके. उमस के कारण घरों, दुकानों और कार्यालयों में लोग बेचैन नजर आए. कई स्थानों पर लोगों ने तेज बारिश की उम्मीद जताई ताकि मौसम में ठंडक आए और उमस से राहत मिल सके.
मौसम का असर कृषि कार्यों पर भी देखने को मिला. किसानों का कहना है कि हुई हल्की बारिश धान की रोपाई के लिए पर्याप्त नहीं है. खेतों में अभी भी पर्याप्त नमी नहीं बन सकी है, जिससे रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है. किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार है ताकि धान की रोपाई में तेजी आ सके.
उमस का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ा. जिला अस्पताल और विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में घबराहट, थकान, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन जैसी शिकायतों के साथ मरीज उपचार के लिए पहुंचे. चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने और अनावश्यक रूप से धूप एवं उमस में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है.
ADVERTISEMENT











