Amethi News: रविवार को सुबह तेज धूप निकलने के साथ ही जिले में उमस और चिपचिपी गर्मी का असर बढ़ गया. बीते दिनों हुई बारिश के बाद वातावरण में नमी बनी हुई है. ऐसे में धूप निकलते ही लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. सुबह से ही पसीना निकलने लगा और हालात काफी असहज हो गए. बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों पर लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी.
ADVERTISEMENT
बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को उमस के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी. दुकानदारों का कहना है कि गर्मी और उमस के चलते बाजार में चहल-पहल प्रभावित रही. वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी तेज धूप और उमस के बीच सफर करने में दिक्कत हुई. कई लोग सिर पर गमछा, टोपी और छाता लगाकर घरों से निकले. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों, जूस और शीतल जल का सहारा लेते नजर आए. पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही कम रही.
उधर, मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच किसान धान की रोपाई के कार्य में जुटे हुए हैं, हाल की बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी और नमी बनी हुई है, जिससे रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। कई गांवों में किसान परिवारों के साथ खेतों में धान की रोपाई करते दिखाई दिए.
किसानों का कहना है कि समय-समय पर बारिश होती रही तो धान की फसल के लिए यह मौसम लाभकारी रहेगा. हालांकि तेज धूप और बढ़ी उमस के कारण खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान घने बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उमस महसूस होना सामान्य है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही, उमस और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इससे लोगों को गर्मी और बरसात दोनों का असर झेलना पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT











